गाजीपुर: भारतीय हॉकी टीम के मिडफील्डर राजकुमार पाल ने एशियन गेम्स का अपना गोल्ड मेडल अपनी मां को समर्पित किया है। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपना मेडल मां के गले में डाल दिया। इस दौरान उनकी मां ने भी गले लगाकर बेटे का स्वागत किया और नजारा बेहद भावुक करने वाला था। बाद में राजकुमार पाल ने मां के साथ फोटो शेयर की है। उन्होंने परिवार के अन्य लोगों के साथ भी फोटो शेयर की और लिखा कि उनकी हर सफलता के पीछे परिवार ही है।
हॉकी के स्टार खिलाड़ी ने एक्स पर तीन फोटो शेयर की हैं। पहली फोटो में वह मां के साथ नजर आ रहे हैं, लेकिन गोल्ड मेडल मां के गले में है। वहीं, अन्य 2 फोटो में वह मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं, लेकिन गोल्ड मेडल उन्हीं के गले में है। ये फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘एशियन गेम्स 2026 जापान में गोल्ड मेडल का सपना पूरा करके आज अपने परिवार के बीच लौट आया हूं। मेरी हर जीत के पीछे मेरे परिवार का प्यार और आशीर्वाद है।’
भारत ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड
भारत ने एशियन गेम्स के फाइनल में मलेशिया को 5-1 के अंतर से हराया और एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की। भारत ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड जीता है। वहीं, यह पहला मौका था, जब भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने एक साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। टूर्नामेंट के सबसे रोचक मैच सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ। टीम इंडिया ने 4-3 के करीबी अंतर से जीत हासिल की। इस मैच में भारत ने मैच खत्म होने से 49 सेकेंड पहले निर्णायक गोल कर जीत हासिल की थी।
बांग्लादेश के खिलाफ चोटिल हुए राजकुमार
राजकुमार पाल को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चोट लग गई थी। अंगूठे में फ्रैक्चर की वजह से वह सेमीफाइनल और फाइनल मैच में नहीं खेल पाए, लेकिन इससे पहले ही टीम की जीत में अहम योयगदान दे चुके थे। वह इससे पहले पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता था।



