Spread the love

भोपाल। इंडियन आयल कार्पोरेशन ने मंगलवार को भोपाल में अपना नया फ्री ट्रेड सिलिंडर लांच कर दिया। 10 किलोग्राम के इस सिलिंडर के लिए गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं पड़ेगी। गैस की जरूरत होने पर कोई एक अधिकृत पहचानपत्र और तय कीमत देकर कोई भी इसे एजेंसियों के जरिए ले पाएगा।

जानकारी के अनुसार मार्च महीने में एलपीजी की किल्लत के बाद नये घरेलू कनेक्शन पर आयल कंपनियों ने रोक लगा दी है। इसके बाद जब सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य हुई तो उपभोक्ता नये कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन यह उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

ऐसे में उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने 10 किलोग्राम प्लास्टिक वाला सिलिंडर लांच किया है, जिसकी विधिवत लांचित मंगलवार को इंडियन आयल कार्पोरेशन के स्टेट हेड अजय श्रीवास्तव ने नर्मदापुरम रोड स्थित रघु इंडेन एजेंसी पर की है।

एक बार देना होंगे 3,186 रुपये, 1550 में होगा रिफिल

राष्ट्रीय एलपीजी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आरके गुप्ता ने बताया कि इंडियन आयल ने नर्मदापुर रोड स्थित रघु व अभिमन्यु और टीटीनगर स्थित आरके इंडेन गैस एजेंसी पर 10 किलोग्राम के सिलिंडर आपूर्ति के लिए उपलब्ध करवाए हैं। यहां कोई भी उपभोक्ता एक पहचान पत्र देकर पहली बार में 3,186 रुपये जमाकर सिलिंडर ले सकता है। जबकि सिलिंडर की रिफिलिंग करवाने के लिए 1,550 रुपये चुकाना होंगे। हालांकि यह कीमत परिवर्तनशील रहेगी।