भोपाल। बिलखिरिया थाना क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले 25 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने वारदात के बाद नाबालिग को ब्लैकमेल किया और धमकाकर उसे बार-बार मिलने के लिए बुलाता रहा।
परेशान होकर छात्रा ने हाल ही में अपने स्वजन को पूरी घटना की जानकारी दी।
थाने में सुनाई आपबीती
जिसके बाद पीड़िता के स्वजन उसे लेकर बिलखिरिया थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने नाबालिग की शिकायत और बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाबालिग को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह घटना को लेकर उसे धमकाता और ब्लैकमेल करता रहा। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी घर से फरार हो गया।
शिकायत के बाद हुआ फरार
पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के नाबालिग से संपर्क और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।



