फिल्मेकर इम्तियाज अली इस वक्त अपनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने दिलजीत दोसांझ,शरवरी वाघ और वेदांग रैना के अलावा वेटरन स्टार नसीरुद्दीन शाह संग काम किया है। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान इम्तियाज ने कुछ ऐसा किया, जिससे उन्हें लगता है कि 75 वर्षीय दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन को उन्हें थप्पड़ मारना चाहिए। इम्तियाज अली ने यह बात एक इंटरव्यू में कही और बताया कि शूट के दौरान उन्होंने एक्टर संग खूब लिबर्टी ली और उनके सीन्स में भी दखल दिया। वहीं, उन्होंने ऐसा वेदांग रैना और शरवरी वाघ के साथ नहीं किया।
इम्तियाज अली ने बताया कि उन्होंने कई बार चल रहे शॉट के बीच में दखल दिया। वह नसीरुद्दीन शाह को ऐसे निर्देश दे रहे थे, जैसे कि वह कोई जूनियर आर्टिस्ट हों। पर एक्टर ने कुछ रिएक्ट नहीं किया और इम्तियाज के हिसाब से शॉट दिए।
‘कैमरा और टेक चालू है और मैं उन्हें निर्देश दे रहा था’
इम्तियाज अली ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से बातचीत में बताया कि वह कैसे नसीरुद्दीन शाह को शॉट के बीच में निर्देश देते थे। वह बोले, ‘कैमरा चालू है, टेक चल रहा है, वह परफॉर्म कर रहे हैं, और उसी टेक के दौरान मैं उन्हें निर्देश दे रहा था। मुझे पता है कि मैं फाइनल वर्जन से अपनी आवाज हटा सकता हूं, इसलिए मैं उन्हें निर्देश दे रहा था, जैसे कि वह कोई जूनियर आर्टिस्ट हो। मैं उन्हें सिर्फ निर्देश नहीं दे रहा था, बल्कि वह उसे मान भी रहे थे। निर्देशों के हिसाब से उनकी आंखों में बदलाव आ रहा था, मैं फर्क देख सकता था।’
नसीरुद्दीन से टेक की बात सुन दिलजीत डर गए, एक्टर चिढ़ गए थे
इम्तियाज अली ने आगे बताया, ‘वह एक ऐसे एक्टर हैं कि अगर आप उनसे कुछ कहोगे, तो बदलाव तुरंत दिखेगा। क्लाइमेक्स के लिए एक खूबसूरत टेक के बाद, जब वह थक-हारकर बैठ गए, तो मैंने दिलजीत से कहा कि मैं उनसे एक और टेक करवाऊंगा। दिलजीत ने कहा कि ओ बाप रे, मैं तो बाहर जा रहा हूं, आप मांग लो, ऑल द बेस्ट सर। फिर नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि क्या बकवास है, मैं कैसे एक और टेक कर सकता हूं? आखिर तुम्हें क्या चाहिए?’
इम्तियाज के समझाने पर मान गए नसीरुद्दीन शाह
इम्तियाज अली ने कहा, ‘मैंने इसके बाद नसीर साहब से कुछ कहा और फिर वह मान गए। वह एक बच्चे जैसे हैं, उसी तरह रिएक्ट करते हैं, क्योंकि सीन काफी दर्द भरा है और वह उसी तरह फुल इंटेंसिटी के साथ एक्टिंग कर रहे हैं, जो आसान नहीं है। पर उन्होंने वह सीन किया।’
इम्तियाज अली ने टेक बावजूद रखा फर्स्ट वाला सीन
लेकिन हैरानी की बात ये है कि इम्तियाज अली ने नसीरुद्दीन शाह से उस सीन के लिए एक और टेक करवाने के बावजूद एक्टर का पहले टेक वाला सीन ही फिल्म में रखा। वह बोले, ‘मैं उन्हें पर्दे पर देखने के लिए सचमुच एक्साइटेड हूं क्योंकि मैंने उन्हें किसी भी फिल्म में इस रूप में नहीं देखा है। मैं उन्हें सिर्फ इसलिए कास्ट नहीं करना चाहता था कि वह वही भूमिका निभाएं जो हम उनके बारे में सोचते हैं। नसीरुद्दीन शाह के लिए कुछ नया होना चाहिए, क्योंकि इस आदमी ने पहले ही सब कुछ कर लिया है।’
‘मैं वापस आऊंगा’ की कहानी, कास्ट और रिलीज डेट
‘मैं वापस आऊंगा’की बात करें, तो यह भारत-पाकिस्तान के विभाजन के वक्त की एक रोमांटिक लव स्टोरी है। हाल ही इसका ट्रेलर रिलीज किया गया था, जिसमें नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत को अपनी अधूरी प्रेम कहानी सुना रहे थे। फिल्म में वेदांग रैना ने नसीरुद्दीन शाह की युवावस्था वाला रोल प्ले किया है, जबकि शरवरी वाघ ने उनकी प्रेमिका का किरदार निभाया है। ‘मैं वापस आऊंगा’ थिएटर्स में 12 जून को रिलीज होगी।
नसीरुद्दीन शाह का करियर
नसीरुद्दीन शाह की बात करें, तो उन्होंने 70 के दशक में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और कई पैरलल सिनेमैटिक फिल्मों का हिस्सा रहे। अपने पांच दशक से भी लंबे करियर में नसीरुद्दीन शाह ने कई यादगार और कल्ट किरदार निभाए, कई हिट फिल्में दीं। उन्हें पद्म श्री और पद्म भूषण जैसे अवॉर्ड्स से भी सम्मानित किया जा चुका है।



