नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… भागवत कथा में धूमधाम से मना कृष्ण जन्मोत्सव

भोपाल :अंकिता राज
भोपाल। अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) पावन अवसर पर आचार्य शशांक शेखर महाराज के सान्निध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कथा पंडाल में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियां उत्साहपूर्वक मनाईं और भजनों पर जमकर नृत्य किया।
कथावाचक आचार्य शशांक शेखर महाराज ने श्रीकृष्ण के प्राकट्य की पावन एवं रोचक कथा का वर्णन करते हुए श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच बधाइयों का वितरण भी किया गया।
नंदोत्सव के अवसर पर आचार्य शशांक शेखर महाराज ने “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की”, “लाला की सुनके मैं आई यशोदा मैया” और “नंद जी के अंगना में बाजे आज बधाई” जैसे मधुर सोहर एवं बधाई गीत प्रस्तुत किए, जिन पर पूरा कथा पंडाल भक्तिमय माहौल में झूम उठा।
आचार्य शशांक शेखर महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण के लिए हुआ था। कथा के आगामी प्रसंगों में भगवान श्रीकृष्ण की विविध ब्रज लीलाओं का रसपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
श्रीमद्भागवत कथा का सीधा प्रसारण प्रतिदिन आचार्य शशांक शेखर महाराज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु भी कथा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।



