मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का हाल ही निधन हो गया था, जिस पर अब सलमान खान ने भी दुख जताया है। उन्होंने कुकू कोहली के निधन पर शोक जाहिर करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ की। साथ ही कुकू के परिवार और पत्नी अरुणा ईरानी के प्रति संवेदनाएं जाहिर कीं। कुकू कोहली का 25 अगस्त को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था, और 26 अगस्त को ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुकू 77 साल के थे।
बता दें कि सलमान खान ने अरुणा ईरानी के साथ ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ और ‘सपने साजन के’ जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा कुकू कोहली की बेटी करिश्मा कोहली ने सलमान खान की दो फिल्मों- ‘एक था टाइगर’ और ‘बजरंगी भाईजान’ में कबीर खान को असिस्ट किया था। उसी के कारण सलमान का अरुणा ईरानी और कुकू कोहली संग करीबी रिश्ता था।
सलमान का कुकू कोहली के निधन पर पोस्ट
सलमान को कुकू कोहली के निधन से झटका लगा और उन्होंने शोक जताते हुए अपने X अकाउंट पर लिखा, ‘भगवान आपकी आत्मा को शांति दे कुकू जी। अरुणा जी, मेरा दिल आपके साथ है। भगवान आपको हिम्मत दे।’
कुकू कोहली के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे ये सितारे
कुकू कोहली का 26 अगस्त को अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बॉलीवुड से रोहित शेट्टी, कटरीना कैफ, विक्की कौशल, राजपाल यादव, रजा मुराद, शर्वरी वाघ, टीकू तलसानिया, रजत बेदी और गजेंद्र चौहान समेत कई हस्तियां पहुंचीं। विक्की कौशल के पिता और एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल भी कुकू कोहली को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।
माइनर हार्ट अटैक, एंजियोप्लास्टी के बाद कार्डियक अरेस्ट
कुकू कोहली ने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार 24 अगस्त की रात उन्होंने बेचैनी होने की शिकायत की थी और माइनर हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुकू कोहली की एंजियोप्लास्टी की। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुकू कोहली की हालत स्थिर थी, लेकिन बाद में हालत बिगड़ गई। और फिर 25 अगस्त को शाम सवा 5 बजे उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ और मौत हो गई।
कुकू कोहली दो शादियां और बच्चे
कुकू कोहली की अरुणा ईरानी से कोई संतान नहीं थी, पर पहली पत्नी से दो बेटियां- करिश्मा और पूजा कोहली हैं। कुकू ने शादीशुदा रहते हुए ही अरुणा से शादी की थी, पर पहली पत्नी की मौत के बाद ही अरुणा संग रिश्त जगजाहिर किया था।



