ओलंपिक मेडलिस्ट और 6 बार की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम इन दिनों ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं। इसी बीच उनसे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। मैरी कॉम के पूर्व पति ओन्लर कॉम ने बॉक्सर के खिलाफ मानहानि का केस किया है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत मैरी कॉम के खिलाफ आपराधिक मानहानि की कार्यवाही शुरू की है। ओन्लर का आरोप है कि मैरी कॉम ने टेलीविजन और दूसरे इंटरव्यू में उनके बारे में ऐसी बातें कही हैं, जिनसे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।
मैरी कॉम भारत की सबसे कामयाब बॉक्सर्स में से एक हैं। वह 6 बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं और ओलंपिक में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुकी हैं। बॉक्सिंग में उनके शानदार करियर के अलावा उनकी पर्सनल लाइफ भी कई बार चर्चा में रही है। मैरी कॉम और ओन्लर कॉम ने 2005 में शादी की थी और 2023 में दोनों का आपसी सहमति से तलाक हो गया। दोनों के चार बच्चे हैं। अब पूर्व पति द्वारा दर्ज कराए गए मानहानि के केस के बाद दोनों के बीच पुराने विवाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
ओन्लर कॉम ने केस को लेकर क्या कहा?
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्टस के मुताबिक, ओन्लर कॉम ने मानहानि की कानूनी कार्रवाई करने की बात को कन्फर्म किया है। उन्होंने पब्लिकेशन से बातचीत में कहा, ‘मेरा केस मजबूत है। मुझे भारत की न्याय व्यवस्था पर भरोसा है। मामला कोर्ट में है, इसलिए मैं इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।’ वहीं, इस मामले में अगली सुनवाई 19 नवंबर को होनी है।
‘आप की अदालत’ में मैरी कॉम ने लगाए थे आरोप
मैरी कॉम ने इससे पहले ‘आप की अदालत’ में अपने पूर्व पति के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी। इस दौरान उन्होंने ओन्लर पर आर्थिक गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। मैरी कॉम ने दावा किया था कि उनके पूर्व पति ने उनके साथ करोड़ों की धोखाधड़ी की और उनकी संपत्ति अपने नाम करवा ली। वहीं, दूसरी तरफ अब वो बिग बॉस के शो में भी पूर्व पति पर आरोप लगाती नजर आईं हैं।
ओन्लर ने मैरी कॉम पर लगाया था एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर का आरोप
मैरी कॉम के इन बयानों के कुछ ही समय बाद ओन्लर ने भी उन पर गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने मैरी कॉम पर एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया था। इसके बाद दोनों के रिश्ते और तलाक को लेकर एक बार फिर काफी चर्चा हुई थी। वहीं मैरी कॉम ने भी दावा किया था कि ओन्लर ने उनके नाम पर लोन लिए थे। उन्होंने कहा था कि शादी के दौरान उनके पूर्व पति ने एक भी पैसा नहीं कमाया। मैरी कॉम के इन बयानों पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
मैरी कॉम ने बाद में दी थी सफाई
बाद में मैरी कॉम ने एक बयान जारी कर अपने पूर्व पति के फुटबॉलर के तौर पर करियर को लेकर की गई अपनी टिप्पणियों पर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणियों का मकसद खेल या उससे जुड़े लोगों का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा था कि इंटरव्यू के दौरान वह भावुक हो गई थीं और अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं। साथ ही उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणियों से किसी का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था।
2005 में हुई थी शादी, 2023 में हुआ तलाक
मैरी कॉम और ओन्लर कॉम ने 2005 में शादी की थी। करीब 18 साल साथ रहने के बाद दोनों ने 2023 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया था। दोनों के चार बच्चे हैं।
प्रियंका चोपड़ा ने निभाया था मैरी कॉम का किरदार
मैरी कॉम की जिंदगी पर साल 2014 में बायोपिक फिल्म ‘मैरी कॉम’ बनाई गई थी। उमंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा ने मैरी कॉम का किरदार निभाया था, जबकि दर्शन कुमार ने उनके पति ओन्लर कॉम की भूमिका निभाई थी। फिल्म को रिलीज के बाद कुछ नकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी मिली थीं। कई लोगों का मानना था कि प्रियंका चोपड़ा बॉक्सर की भूमिका निभाने के लिए सही अभिनेत्री नहीं थीं। हालांकि, फिल्म ने 62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘बेहतरीन मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म’ का पुरस्कार जीता था।



