भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मैनिट की इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ स्कूटी पर सवार कालेज का दोस्त भी घायल हुआ है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।हादसा दानिशकुंज रोड स्थित जैन मंदिर के पास सुबह करीब 11:45 बजे हुआ। टक्कर के बाद दोनों स्कूटी समेत ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
स्कूटी में पीछे से मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार मूलरूप से इंदौर निवासी छात्रा सुशांत द्विवेदी (20), पिता ऊषाकांत द्विवेदी, मैनिट में इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और संस्थान के गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी।
गुरुवार सुबह वह अपने कॉलेज के दोस्त अभिषेक के साथ स्कूटी से कोलार आई थी। दोनों जैन मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब सात बजे डॉक्टरों ने सुशांत को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर, कंधे, पीठ और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस अब तक ट्रैक्टर को जब्त नहीं कर सकी है। कोलार पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।



