आमिर खान के बाद अब उनकी एक्स-वाइफ किरण राव ने आमरण अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक का सपोर्ट किया है, और मोदी सरकार पर गुस्सा निकाला है। किरण राव ने सरकार से अपील की कि वह वांगचुक से बात करे और साथ ही इंस्टाग्राम पर अपना प्रोफाइल फोटो भी बदल लिया। साथ ही सवाल किया कि आखिर ऐसा और क्या करना पड़ेगा, जिससे सरकार जनता की बात सुन सके। किरण राव ने सिर्फ सोनम वांगचुक ही नहीं, बल्कि उन छात्रों के लिए भी सपोर्ट जाहिर किया, जो जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
बता दें कि आमिर ने सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने की गुजारिश तो की, पर साथ ही कहा कि उनकी फिल्म ‘3 इडियट्स’ वांगचुक से प्रेरित नहीं है। CJP के प्रोटेस्ट और सोनम वांगचुक के अनशन पर ‘3 इडियट्स’ स्टार आमिर खान और आर. माधवन की चुप्पी पर भी सवाल उठाए जा रहे थे। कहा जा रहा था कि रील लाइफ का रैंचो असल जिंदगी के रैंचो पर चुप क्यों है, जबकि ‘3 इडियट्स’ के चतुर ने वांगचुक का सपोर्ट किया और उन्हें बचाने की बात कही थी। इन्हीं सवालों के बीच आमिर ने वांगचुक पर अपनी बात रखी थी, और अब किरण राव ने रिएक्ट किया है।
किरण राव ने सोनम वांगचुक को किया सपोर्ट
किरण राव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, ‘मैं सोनम वांगचुक, अभिजीत दिपके, CJP और देश के उन सभी नागरिकों, चाहे वो युवा हों या बुजुर्ग, उनके साथ एकजुटता से खड़ी हूं, जो हमारे छात्रों के अधिकारों के लिए विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। सोनम जी, नेहा, मनीष, अमीन और उन सभी को मेरा सलाम, जो इस खातिर भूख हड़ताल कर रहे हैं कि न्याय मिले। हमारा देश आपका ऋणी है, जिन्होंने हमें हमारी बेरुखी से बाहर निकाला और याद दिलाया कि हर आवाज मायने रखती है।’
सरकार की चुप्पी पर भड़कीं किरण राव
किरण राव ने यह भी कहा कि विरोध प्रदर्शन पर सरकार की चुप्पी देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ है। उन्होंने सरकार पर गुस्सा निकालते हुए लिखा, ’19 दिन बीत जाने के बाद भी इस भूख हड़ताल पर जो पूर्ण मौन है, उसे देखकर बहुत दुख होता है। सत्ता में बैठे लोगों को जनता की बात सुनने के लिए क्या करना पड़ेगा? यह चौंकाने वाला और अमानवीय है। मैं सरकार से अपील करती हूं कि वह प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात करे, छात्रों की पीड़ा को समझे और इस गतिरोध को खत्म करे। हम लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार है।’
सोनम वांगचुक पर यह बोले आमिर खान
वहीं, आमिर खान ने सोनम वांगचुक पर हाल ही लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में बात की। यहां जब उनसे वांगचुक और ‘3 इडियट्स’ के लिए उनसे मिली प्रेरणा के बारे में पूछा गया, तो आमिर बोले, ‘नहीं, असल में यह सच नहीं है। यह एक गलतफहमी है। जब हम ‘3 इडियट्स’ फिल्म बना रहे थे, तब मुझे मिस्टर सोनम के बारे में पता नहीं था। मैंने हाल ही में ‘चतुर’ का एक वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने ऐसा कहा था। लेकिन वे गलत हैं। हो सकता है कि ‘चतुर’ ऐसा सोच रहे हों, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि न तो राजू और न ही अभिजात जो फिल्म के दो लेखक हैं – हममें से किसी को भी मिस्टर सोनम के बारे में जानकारी नहीं थी।’
इन सेलेब्स ने भी सोनम वांगचुक का किया सपोर्ट
और जिन सेलेब्स ने सोनम वांगचुक का सपोर्ट किया और भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की है, उनमें अनुराग कश्यप, विशाल ददलानी, नसीरुद्दीन शाह, श्वेता तिवारी, कुनिका सदानंद, अभय देओल, आमिर खान के भांजे और एक्टर इमरान खान, स्वरा भास्कर, देवोलीना भट्टाचार्जी, सयाजी शिंदे और शिवांकित सिंह परिहार जैसे नाम शामिल हैं।



