Spread the love

बॉलीवुड की बेबो करीना कपूर खान कभी एक्टर शाहिद कपूर को डेट करती थीं। साल 2004 से 2007 तक दोनों के इश्‍क के घनघोर चर्चे थे। लेकिन फिर ब्रेकअप हो गया। इसके बाद से दोनों जब भी एक मंच पर आए हैं, थोड़े ‘अनकंफर्टेबल’ ही दिखे। लेकिन अब कुछ ऐसा हुआ है, जिसे जानकर फैंस भी चौंक गए हैं। शाहिद की पत्नी मीरा राजपूत जल्द ही करीना कपूर खान के चैट शो ‘व्हाट विमेन वांट’ में नजर आने वाली हैं। दोनों हसीनाओं ने इसकी शूटिंग भी कर ली है। सेट से दोनों की तस्वीरें भी सामने आई हैं। और तो और, इंस्‍टाग्राम पर दोनों ने एक-दूसरे पर भरपूर प्‍यार भी बरसाया है। यह कुछ ऐसा है, जिसे देख फैंस हैरान हैं और कह रहे हैं कि उन्‍होंने ‘इसकी उम्‍मीद कभी नहीं की’ थी।

करीना कपूर ने जहां इंस्‍टाग्राम स्‍टोरी पर मीरा राजपूत संग तस्‍वीर शेयर की है, वहीं मीरा ने करीना कपूर के शो में पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट शेयर किया है। उन्होंने करीना को टैग करते हुए उनकी तारीफ की, जिस पर एक्ट्रेस ने भी प्यार से जवाब दिया। पोस्ट सामने आते ही फैंस ने दोनों की जोड़ी और इस ‘दुर्लभ मुलाकात’ पर मजेदार रिएक्शन देना शुरू कर दिया।

करीना कपूर ने मीरा राजपूत को बताया ‘वॉर्म एंड लवली’

करीना कपूर खान ने भी मीरा राजपूत के साथ अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की है। फोटो में दोनों साथ में काफी खुश नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए करीना ने मीरा को टैग किया और लिखा, ‘शो में बेहद वॉर्म एंड लवली मीरा।’ करीना के इस पोस्ट से साफ है कि शो पर मीरा का आना उनके लिए भी खास रहा। दोनों की इस प्यारी तस्वीर और करीना के खूबसूरत मैसेज को देखने के बाद फैंस के बीच उनकी बॉन्डिंग को लेकर चर्चा और बढ़ गई है। अब लोगों को इस एपिसोड के रिलीज होने का इंतजार है, ताकि दोनों की बातचीत को करीब से देखा जा सके।

करीना कपूर के शो में पहुंचीं मीरा राजपूत

मीरा राजपूत कपूर ने सोशल मीडिया पर ‘What Women Want’ के सेट से कई तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में वह शो की होस्ट करीना कपूर खान के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए मीरा ने करीना के लिए एक प्यारा सा नोट भी लिखा। मीरा ने लिखा, ‘महिलाएं बस खुद जैसी रहना चाहती हैं। मुझे बुलाने और आप जैसी शानदार महिला होने के लिए करीना कपूर खान का शुक्रिया।’ मीरा के इस पोस्ट से साफ है कि शो में करीना के साथ उनकी बातचीत काफी खास रही।

करीना ने मीरा को दिया प्यारा जवाब

मीरा की पोस्ट पर करीना कपूर ने भी कमेंट किया। उन्होंने लिखा, ‘बहुत खुशी हुई कि तुम आईं, गॉर्जियस।’ करीना के इस जवाब ने भी फैंस का ध्यान खींचा। मीरा और करीना के इस सोशल मीडिया एक्सचेंज के बाद लोगों की नजर अब इस बात पर है कि शो के दौरान दोनों के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई। फिलहाल एपिसोड से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

फैंस बोले- इस कोलैब की उम्मीद नहीं थी

मीरा और करीना को एक साथ देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार रिएक्शन आने लगे। कई लोगों ने इस मुलाकात को ऐसा कोलैब बताया जिसकी उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी। एक यूजर ने लिखा, ‘रुको, ये कैसा कोलैब है?! ओह माय गॉड। आप दोनों खूबसूरत महिलाओं को एक साथ देखने का बेसब्री से इंतजार है।’ वहीं, एक दूसरे फैन ने लिखा, ‘सच कहूं तो, इस कोलैबोरेशन की तो मैंने कभी उम्मीद ही नहीं की थी! जबरदस्त।’ एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किया, ‘दो कपूर, एक बातचीत, और बात करने के लिए बहुत कुछ!’ वहीं कुछ लोगों ने सिर्फ इतना लिखा कि वे अब इस एपिसोड के आने का इंतजार कर रहे हैं।

मीरा-करीना की बॉन्डिंग पर भी आए कमेंट

दोनों की तस्वीरों पर सिर्फ हैरानी वाले कमेंट ही नहीं आए, बल्कि कुछ फैंस ने उनकी बॉन्डिंग की भी तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, ‘जब महिलाएं दूसरी महिला का सपोर्ट करती हैं, तो दुनिया जीने लायक लगती है।’ एक और फैन ने लिखा, ‘ऐसा कोलैब जिसकी मुझे उम्मीद नहीं थी!’ सोशल मीडिया पर आ रहे इन रिएक्शन्स से साफ है कि फैंस इस बातचीत को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।

करीना और शाहिद का रहा है पुराना रिश्ता

मीरा राजपूत के करीना के शो में आने की चर्चा इसलिए भी ज्यादा हो रही है क्योंकि करीना कपूर और शाहिद कपूर का एक समय में रिश्ता रहा है। मीरा से शादी करने से पहले शाहिद और करीना करीब 2004 से 2007 तक चार साल डेट कर चुके हैं। दोनों अपने रिलेशनशिप के दौरान बॉलीवुड के सबसे चर्चित कपल्स में शामिल थे। हालांकि बाद में दोनों की राहें अलग हो गईं, लेकिन फिल्मों में उनकी जोड़ी को आज भी याद किया जाता है।

‘जब वी मेट’ में साथ नजर आए थे शाहिद-करीना

शाहिद कपूर और करीना कपूर ने साथ में कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन 2007 में रिलीज हुई ‘जब वी मेट’ दोनों की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। इम्तियाज अली के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में शाहिद ने आदित्य और करीना ने गीत का किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी और दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। आज भी ‘जब वी मेट’ को शाहिद और करीना की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।

2015 में हुई थी शाहिद-मीरा की शादी

शाहिद कपूर और मीरा राजपूत ने 7 जुलाई 2015 को शादी की थी। शादी के बाद दोनों अक्सर अपनी फैमिली लाइफ को लेकर चर्चा में रहते हैं। शाहिद और मीरा के दो बच्चे हैं, बेटी मिशा कपूर और बेटा जैन कपूर। अब मीरा का करीना के शो में पहुंचना सोशल मीडिया पर चर्चा का नया विषय बन गया है। फैंस को अब इस बात का इंतजार है कि ‘What Women Want’ के इस एपिसोड में मीरा और करीना के बीच क्या-क्या बातें होती हैं।

What Women Want OTT पर कहां देख सकेंगे

करीना कपूर के चैट शो What Women Want का यह छठा सीजन होगा। यह एक पॉपुलर टॉक शो है, जिसमें करीना कपूर खान बतौर होस्ट महिलाओं के सशक्तिकरण, जेंडर इक्वालिटी, वर्क-लाइफ बैलेंस, फैशन और रिश्तों पर बात करती हैं। इसमें सेलिब्रिटी, एंटरप्रेन्योर और पब्लिक फिगर्स के साथ खुलकर और बिना किसी रोक-टोक के बातचीत होती है। आप यह शो यूट्यूब पर ‘मिर्ची प्लस’ चैनल पर देख सकते हैं। अभी छठे सीजन की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।