Spread the love

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुस्लिम समाज की एकता और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 26 अप्रैल को ‘इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन जलसा’ का आयोजन किया जाएगा। कोहेफिजा स्थित एम.आई.जी. हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दोपहर 1:50 बजे से 3:00 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न मसलकों (विचारधाराओं) के उलेमा एक साझा मंच पर नजर आएंगे।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण और अतिथि

आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के आंतरिक मतभेदों को मिटाकर ‘सिर्फ उम्मत’ की सोच को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि मौलाना डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही शामिल होंगे। वे इत्तेहाद-ए-उम्मत (उम्मत की एकता) पर समाज का मार्गदर्शन करेंगे। उनके साथ शहर के अन्य प्रतिष्ठित उलेमा-ए-किराम भी उपस्थित रहेंगे।

आयोजित होगा ताजियती कार्यक्रम

मुख्य जलसे के उपरांत शाम को फतेहगढ़ इमामबाड़ा में एक ताजियती कार्यक्रम (शोक सभा) आयोजित होगा। यह कार्यक्रम ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर रहबर-ए-मोअज्जम आयतुल्लाह सैयद अली खामनेई की स्मृति में रखा गया है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में लंबी तकरीरें नहीं होंगी। यहां मौलाना इलाही संक्षिप्त संबोधन देंगे और अनुवादक के सहयोग से लोगों से संवाद करेंगे।

‘जलसा-ए-शहादत’ में कड़ा आक्रोश देखा गया

इससे इतर, शुक्रवार रात ऐशबाग स्थित गरीब नवाज मस्जिद में आयोजित ‘जलसा-ए-शहादत’ में कड़ा आक्रोश देखा गया। यहां इजराइल और अमेरिका विरोधी नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के पोस्टर जमीन पर रखकर उन्हें पैरों से कुचला और वैश्विक राजनीति के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।