नई दिल्ली: 2025-2026 के दौरान झारखंड और बिहार से इनकम टैक्स विभाग का कुल कलेक्शन लगभग 20,000 करोड़ रुपये रहा। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी दोनों राज्यों को मिलाकर सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वाले शख्स रहे। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के एक सीनियर अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
इनकम टैक्स के प्रधान मुख्य आयुक्त (बिहार-झारखंड) डॉ. डी. सुधाकर राव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार और झारखंड से कुल कलेक्शन लगभग 20,000 करोड़ रुपये रहा। इसमें से 12,000 करोड़ रुपये सिर्फ झारखंड से जमा हुए।’
धोनी सबसे बड़े टैक्सपेयर
उन्होंने बताया कि कुल कलेक्शन का लगभग 70 फीसदी हिस्सा टैक्स डिडक्शन एट सोर्स (TDS) के जरिए मिला।
राव ने कहा, ‘पिछले वित्त वर्ष के दौरान बिहार और झारखंड को मिलाकर एमएस धोनी सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वाले व्यक्ति थे।’ हालांकि, उन्होंने धोनी के नेट टैक्स रिटर्न की जानकारी देने से परहेज किया।
इन कंपनियों से मिला सबसे ज्यादा टैक्स
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कॉर्पोरेट जगत में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और सीएमपीडीआई सबसे ज्यादा टैक्स देने वाली कंपनियों में शामिल थीं।
राव ने कहा, ‘पिछले वित्त वर्ष के दौरान, भारी बारिश की वजह से खनन गतिविधियों पर थोड़ा असर पड़ा था। इसका असर कलेक्शन पर भी दिखा। हमें उम्मीद है कि मौजूदा वित्त वर्ष में टैक्स कलेक्शन का आंकड़ा 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा।’



