नई दिल्ली: अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी Apple के लेटेस्ट आईफोन 18 Pro और Pro Max की बिक्री आज से शुरू हो गई है। कंपनी के भारत में छह स्टोर हैं। इनमें मुंबई में दो और दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु और पुणे में एक-एक स्टोर है। कल रात से ही लोग इनके बाहर जुटने शुरू हो गए थे। दुनियाभर में इनकी इतनी डिमांड है कि भारत में आईफोन की दो फैक्ट्रियां चौबीसों घंटे काम कर रही है। हालांकि Apple का पहला फोल्डेबल फोन Duo भारत में नहीं बनाया जा रहा है।
कब आएगा बेस मॉडल?
सूत्रों के मुताबिक भारत में बिकने वाले iPhone में से सिर्फ 15% ही Pro और Pro Max रेंज के होते हैं, इसलिए भारत में इनके प्रोडक्शन का लगभग 80-90% हिस्सा विदेशों में भेजा जाएगा। यह पहली बार है जब Apple ने iPhone का कोई कंज्यूमर या बेस वर्जन लॉन्च नहीं किया है। माना जा रहा है कि अगले साल की पहली तिमाही में iPhone 18 आ सकता है। भारत में बिकने वाले iPhone में बेस मॉडल की हिस्सेदारी 80-85% होती है।
क्या है खासियत?
इसकी सबसे बड़ी खासियत है मजबूत ब्रांड आइडेंटिटी। जो एक बार इस कंपनी का प्रोडक्ट खरीद लेता है, वह दूसरी कंपनियों के प्रोडक्ट्स की तरफ झांकता भी नहीं है। कंपनी का फोकस हमेशा यूजर के अनुभव पर रहता है और वह हर बार पिछली बार से बेहतर प्रोडक्ट लाती है। यूजर्स का मानना है कि कंपनी का हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर भी दूसरी दुनिया का है और यही बात उसे दुनिया की बाकी टेक कंपनियों से अलग करती है।
कितनी है कीमत?
भारत में आईफोन 18 प्रो की 256 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 1,64,900 रुपये है जबकि 512 जीबी वाला मॉडल 1,89,900 रुपये का है। इसी तरह 18 प्रो मैक्स के 256 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 1,79,900 रुपये और 512 जीबी वाले की कीमत 2,04,900 रुपये है। फोल्डेबल Duo फोन 265 जीबी वाला 2,99,900 रुपये का और 512 जीबी वाला 3,24,900 रुपये का है।



