मुंबई: बेंगलुरु की हॉस्पिटल चेन चलाने वाली कंपनी मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज Manipal Health Enterprises के शेयर आज इश्यू प्राइस से 11% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए। यह जहां बीएसई पर 655 रुपये में लिस्ट हुए वहीं एनएसई पर इसकी लिस्टिंग प्राइस 652 रुपये रही। मतलब कि जिन निवेशकों ने इस पर दांव खेला था, उन्हें एक दिन में ही 10 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न तो मिल ही गया। इसका आईपीओ इश्यू प्राइस 590 रुपये प्रति शेयर था।
पिछले सप्ताह खुला था सब्सक्रिप्शन
मणिपाल हेल्थ का आईपीओ पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसमें निवेशकों ने बीते 29 जुलाई से 31 जुलाई तक बोली लगाई थी। इसमें सिंगापुर की सरकारी निवेश कंपनी टेमासेक का एक्सपोजर है। साथ ही इसमें रंजन पई का भी सपोर्ट है। कंपनी ने इस आईपीओ के जरिए लगभग 9,275 करोड़ जुटाई है। इसमें 8,000 करोड़ रुपये के 13.56 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है। साथ ही मौजूदा शेयरहोल्डर्स ने भी ओएफएस के जरिए लगभग 1,275 करोड़ के 2.16 करोड़ शेयर बेचा है।



