Spread the love

भोपाल । बैरागढ़ चीचली इलाके में जिलाबदर बदमाश जीतू यादव ने पुरानी रंजिश में फायरिंग कर दी। आरोपित ने रात करीब तीन बजे अजय बैरागी के घर और कार पर गोलियां दाग दीं।

गोलियों से उसके स्वजनों के नींद खुल गई और तुरंत पुलिस को सचूना दी गई, लेकिन प्रकरण दर्ज करने में कजलीखेड़ा पुलिस ने कई घंटे लगा दिए गए। आखिरकार सुबह करीब 11:30 बजे एफआईआर दर्ज हुई।

कार्रवाई में देरी का मिला फायदा

इस देरी का फायदा आरोपितों को मिला और वे पुलिस की गिरफ्त से दूर निकल गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने थाना प्रभारी पल्लवी पांडे और रात्रि अधिकारी एसआइ महेश मांझी को लाइन अटैच कर दिया है।
डीसीपी शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर फायरिंग जैसे गंभीर मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं होना गंभीर चूक है, जिसके चलते कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार बैरागढ़ चीचली निवासी अजय बैरागी ने शिकायत में बताया कि मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे उसकी मां ने बाहर वाहन का कांच टूटने की आवाज सुनी।
उन्होंने अजय को इसकी जानकारी दी। अजय बाहर पहुंचा तो कुछ लोग उसकी कार और घर के दरवाजे की ओर फायरिंग कर रहे थे।

एफआईआर में देरी की शिकायत

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फायरिंग करने वालों में जीतू यादव भी शामिल था। विरोध करने पर आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, लेकिन इसके बावजूद तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई।