नई दिल्ली: दिल्ली में आज सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के कारण सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं। दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। इसकी वजह से इस वीकेंड इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) से आने-जाने वाली उड़ानों की आखिरी समय की बुकिंग में बढ़ोतरी देखी गई है। कुछ रूट्स पर हवाई किराए में भी उछाल आया है। माना जा रहा है कि आगे फेस्टिव सीजन में इसमें और तेजी आ सकती है।
टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रैवल इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि अगर विरोध प्रदर्शन और आवाजाही पर पाबंदियां लंबे समय तक जारी रहती हैं, तो हवाई किराए में और तेजी आ सकती है। सोमवार से नवरात्रि के साथ त्योहारों का मौसम शुरू हो रहा है।
क्या है वजह?
एक एयरलाइन अधिकारी ने कहा, "इस वीकेंड दिल्ली की उड़ानों की बुकिंग में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। ट्रेन और बस यात्रियों के हवाई सफर की ओर रुख करने के बारे में अभी कुछ भी पक्के तौर पर कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि त्योहारों से पहले के मौसम में वीकेंड की उड़ानें पहले से ही काफी भरी हुई थीं और किराए वैसे भी ऊंचे थे।"
एक प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी (OTA) के सीनियर अधिकारी ने कहा: "शुक्रवार रात तक, हमने लखनऊ, प्रयागराज और यूपी के अन्य हिस्सों से स्पॉट किराए में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं देखी। सिर्फ शनिवार के लिए वाराणसी-दिल्ली रूट पर स्पॉट किराए एक महीने पहले की तुलना में 15% ज्यादा थे। अब तक, उड़ान की मांग में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।"
दिल्ली-वाराणसी किराया
OTA साइटों पर शनिवार के लिए वाराणसी-दिल्ली का वन-वे किराया ₹6,200 से शुरू होकर ₹14,000 तक जा रहा था जो सामान्य से ज्यादा है। एयरलाइंस और दिल्ली एयरपोर्ट के लिए बड़ी चिंता यह है कि मेट्रो सर्विस में बड़े पैमाने पर रुकावट और ट्रैफिक पर असर के कारण यात्री, क्रू मेंबर और अन्य स्टाफ समय पर IGIA पहुंच पाएंगे या नहीं।
ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अनुसार, अगर विरोध प्रदर्शन लंबे समय तक चलता है और हवाई यात्रा की मांग बढ़ती है, तो हवाई किराए और भी बढ़ जाएंगे। जेट फ्यूल की बढ़ती कीमत और रुपये की गिरती कीमत के कारण पहले से ही हवाई किराया काफी बढ़ चुका है।
अमृतसर में दोगुना हुआ किराया
इस बीच शुक्रवार को अमृतसर से हवाई किराए में भारी उछाल आया। कुछ उड़ानों का किराया ₹8,000 तक पहुंच गया, जबकि सामान्य वन-वे किराया लगभग ₹4,000 होता है। लुधियाना से शनिवार की फ्लाइट के किराए में दिन भर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। किराया बढ़कर ₹12,987 तक पहुंच गया और फिर रात 8 बजे घटकर ₹4,301 हो गया।
अमृतसर के ट्रैवल एजेंट दिलीप ने कहा, "जिन लोगों को आगे की यात्रा करनी है, खासकर इंटरनेशनल फ्लाइट लेनी है, उनके पास विकल्प कम हैं। फ्लाइट कैंसिल होने या कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने से बचने के लिए उन्हें महंगे टिकट खरीदने पड़ रहे हैं।" शुक्रवार शाम तक चंडीगढ़ से दिल्ली के फ्लाइट और कैब के किराए में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ।



