Spread the love

शिल्पा शिंदे हाल ही यह कबूल करके विवादों में आ गई थीं कि उन्होंने ‘भाबीजी घर पर हैं!’ के प्रोड्यूसर पर यौन उत्पीड़न के का फर्जी केस किया था और झूठे आरोप लगाए थे। अब उन्होंने फेमिनिज्म पर बात करते हुए कुछ ऐसा कह दिया है, जिसकी चर्चा हो रही है। शिल्पा शिंदे ने कहा कि उन्हें महिलाओं और लड़कियों का स्मोकिंग करना पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता या निडरता के नाम पर स्मोकिंग करने या फिर अंग-प्रदर्शन वाले कपड़े पहनने से कोई महिला एम्पावर नहीं होती। शिल्पा शिंदे ने इस मामले में खुद को ‘रूढ़िवादी’ बताया।

‘आईएएनएस’ को दिए इंटरव्यू में शिल्पा शिंदे ने कहा कि कुछ निजी मान्यताओं को लेकर वह थोड़ा रूढ़िवादी हैं और उन्हें महिलाओं को स्मोकिंग करते हुए देखना अच्छा नहीं लगता, जिसे ‘मॉडर्न’ होने का नाम दिया जाता है।

शिल्पा शिंंदे बोलीं- लड़कियों का स्मोक करना पसंद नहीं

शिल्पा शिंदे ने कहा, ‘असल में, मैं थोड़ी रूढ़िवादी हूं। सच कहूं तो, मुझे महिलाओं और लड़कियों का स्मोकिंग करना पसंद नहीं है। यह मेरी निजी राय है और इसीलिए मैं कहती हूं कि इस मामले में मैं थोड़ी रूढ़िवादी हूं।’

‘खास तरह के कपड़े पहनना या शराब पीना बोल्डनेस नहीं’

शिल्पा शिंदे ने यह साफ कहा कि वह स्मोकिंग, ड्रिंकिंग या किसी खास तरह के कपड़े पहनने को बोल्ड या सशक्त होने से नहीं जोड़तीं और ना ही उन्हें इसका पैमाना मानती हैं। वह बोलीं, ‘बोल्डनेस अलग चीज है। सिर्फ इसलिए कि कोई सिगरेट पीता है, शराब पीता है या कुछ खास कपड़े पहनता है, इसका मतलब यह नहीं कि वह बोल्ड है। इसका मतलब यह नहीं है।

कपड़े और सोच दो अलग-अलग चीजें हैं

शिल्पा शिंदे ने फिर पहनावे को लेकर बात की और इस बात पर जोर दिया कि कपड़े और सोच दो बिल्कुल अलग-अलग चीजें हैं। वह बोलीं, ‘मुझे महिलाओं का साड़ी पहनना पसंद है, लेकिन मैं कपड़ों की बात नहीं कर रही हूं। एक महिला को खुद को, अपनी वैल्यूज़ को और अपनी पहचान को जानना चाहिए। यही मायने रखता है।’

‘आपकी सोच आपके कपड़ों पर निर्भर नहीं करती’

वह आगे बोलीं, ‘बहुत सी लड़कियों को लगता है कि छोटे या खास तरह के कपड़े पहनने से वो ज्यादा बोल्ड दिखेंगी, लेकिन ऐसा नहीं है। आप साड़ी पहन सकती हैं या मॉडर्न कपड़े, जो भी आप चाहें। आपके कपड़े आपकी सोच तय नहीं करते, और आपकी सोच आपके कपड़ों पर निर्भर नहीं करती।’

शिल्पा शिंदे का हालिया विवाद

शिल्पा शिंदे कुछ हफ्ते पहले उस वक्त सुर्खियों में आ गई थीं, जब उन्होंने भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में खुलासा किया कि 10 साल पहले उन्होंने प्रोड्यूसर संजय कोहली पर फर्जी यौन उत्पीड़न का केस किया था, और आरोप भी झूठे थे। इसके बाद बवाल मचना शुरू हो गया। कई सेलेब्स ने शिल्पा शिंदे की कड़ी आलोचना की और गुस्सा निकाला। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स असोसिएशन ने भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चिट्ठी लिखकर शिल्पा के खिलाफ कड़े एक्शन की मांग की थी।