प्रभास की ‘आदिपुरुष’ की स्क्रिप्ट और डायलॉग लिखने वाले गीतकार और कवि मनोज मुंतशिर एक बार फिर लोगों के निशाने पर आ गए हैं। बीते 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और हिंसा को देख जहां आंख नम है, हर दिल मायूस है, नाराज है, वहीं 50 साल के मनोज मुंतशिर ने एक हालिया इंटरव्यू में जंतर-मंतर के प्रदर्शनकारियों को ‘देशद्रोही’ बता दिया है। वो भी ‘पूरी जिम्मेदारी’ से। हालांकि, ऐसा कहते ही वह लोगों के निशाने पर आ गए हैं। जहां कुछ यूजर्स उन्हें ‘आदिपुरुष’ के छिछोरे डायलॉग्स की याद दिला रहे हैं, वहीं कुछ ने प्रार्थना की है कि आज की पीढ़ि जो झेल रही है, वह गीतकार की आने वाली पीढ़ियों को ना झेलनी पड़े।
यूपी के अमेठी में पैदा हुए मनोज मुंतशिर ने अपनी इस नई बातचीत में साफ-साफ कहा है कि वह कभी जंतर-मंतर नहीं जाएंगे, क्योंकि प्रदर्शनकारियों के साथ जो लोग हैं, उनके साथ खड़े होना उन्हें पंसद नहीं है। ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ संग बातचीत में वह कहते हैं, ‘मैं कभी जंतर-मंतर नहीं जाऊंगा…. इसलिए नहीं जाऊंगा कि जो लोग रिप्रजेंट कर रहे हैं इस वक्त जंतर-मंतर को, सैडली… वो ऐसे लोग नहीं हैं, जिनके साथ खड़े होकर मुझे अच्छा लगेगा।’
NEET पेपर लीक, आत्महत्याओं पर भी बोले मनोज मुंतशिर
हालांकि, इस बातचीत के दौरान NEET पेपर लीक के लिए मनोज मुंतशिर ने मोदी सरकार को जिम्मेदार माना। जब मनोज मुंतशिर से कॉकरोच जनता पार्टी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘इस देश के युवा कॉकरोच जनता पार्टी से बेहतर के हकदार हैं। इस दुनिया में कौन कह सकता कि NEET का पेपर लीक हुआ तो यह बहुत अच्छा हुआ? कौन बोलेगा ये… ये गलत हुआ। एक बच्चे की भी अगर जान गई है तो यह पूरे सिस्टम की जवाबदेही है।’
‘बड़ी जिम्मेदारी के साथ मैं इन्हें देशद्रोही बोल रहा हूं’
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन इस पर बात हो रही है कि जंतर-मंतर पर… भाषण मैं भी सुन रहा हूं, कौन लोग आ रहे हैं मैं भी देख रहा हूं, भारत तेरे टुकड़े होंगे, वाले लोग आ रहे हैं… कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं है… बड़ी जिम्मेदारी के साथ मैं इन्हें देशद्रोही बोल रहा हूं… हमारे प्रभु श्रीराम को सीता का पति…. इतना अपमानजनक।’
यूजर ने कहा- अगर हजारों युवा देशद्रोही हैं तो…
अब इस इंटरव्यू का क्लिप सोशल मीडिया खासकर X पर चर्चा के केंद्र में आ गया है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है, ‘देशद्रोही की परिभाषा क्या है मनोज मुंतशिर? विचारधारा बदल लेना करियर के लिए। अगर हजारों युवा देशद्रोही हैं तो इस देश को पीएम भी नहीं बचा सकते।’
‘समझ नहीं आ रहा, सीता के पति में अपमानजनक क्या था?’
एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘मुझे तो अभी तक समझ नहीं आया कि सीता के पति में डेरोगेट्री (अपमानजनक) क्या था? उन्हें ‘सियावर राम’ ही तो कहते हैं। और कॉमेडियन कुणाल कामरा ने जो कहा वह भगवान राम के लिए था या किसी और के लिए…’



