Spread the love

नई दिल्ली: हुंडई मोटर इंडिया ने शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे बताए। कंपनी को चौथी तिमाही में मुनाफा थोड़ा कम हुआ है। कंपनी ने बताया कि उसे Q4 में 1,614 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। पिछले साल इसी तिमाही (Q4 FY24) में यह 1,677 करोड़ रुपये था। इस साल मुनाफे में लगभग 4 प्रतिशत की कमी आई है। यह जानकारी कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी है।

हालांकि, हुंडई की कमाई थोड़ी बढ़ी है। मार्च 2025 तिमाही में कंपनी ने 17,940 करोड़ रुपये कमाए। यह पिछले साल के मुकाबले 1.5 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने यह भी बताया कि वह FY25 के लिए हर शेयर पर 21 रुपये का डिविडेंड देगी। डिविडेंड का मतलब है कि कंपनी अपने मुनाफे का कुछ हिस्सा शेयरधारकों को देगी। साथ ही कंपनी ने बताया कि वह इस साल 26 नए प्रोडक्ट लॉन्च करेगी।

कितनी गाड़ियां बेचीं?

कंपनी ने देश में 5.99 लाख गाड़ियां बेचीं और 1.63 लाख गाड़ियां बाहर भेजीं। हुंडई की Creta SUV सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ी रही। यह midsize SUV सेगमेंट में सबसे आगे रही। इसकी बाजार हिस्सेदारी 30 प्रतिशत से ज्यादा है। कंपनी ने यह भी बताया कि उसने सबसे ज्यादा एसयूवी गाड़ियां बेची हैं। कुल मिलाकर, कंपनी की 68.5 फीसदी बिक्री एसयूवी गाड़ियों की हुई।