Spread the love

सोनम वांगचुक जब जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे थे, तो आमिर खान ने उनसे इसे खत्म करने की गुजारिश की थी, और साथ ही दावा किया था कि जब वो ‘3 इडियट्स’ बना रहे थे, तो वांगचुक के बारे में नहीं जानते थे। उनका रैंचो का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था। अब सोनम वांगचुक ने उसी दावे को लेकर आमिर खान पर न सिर्फ तंज कसा है, बल्कि उनकी खिल्ली भी उड़ाई है। वांगचुक ने यह तक कह दिया कि आमिर को ‘गजनी’ के किरदार की तरह शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस हो गया है।

सोनम वांगचुक ने एक पॉडकास्ट में इस बारे में बात की, और आमिर खान की पोल खोल दी। उन्होंने आमिर के साथ अपनी पुरानी मुलाकात भी याद की और कहा कि वह काफी डिटेल्ड मुलाकात थी, जिसमें कुछ आइडियाज भी डिस्कस किए थे।

सोनम वांगचुक ने उड़ाई आमिर खान की खिल्ली

सोनम वांगचुक ने प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट में कहा, ‘काफी वीडियोज आए, जिनमें वो गजनी आउटफिट में मेरा भाषण देख रहे थे, तो शायद वो गजनी आउटफिट में थे, तो शॉर्ट-टर्म मेमोरी लॉस हुआ हो सकता है। 15 मिनट बाद भूल गए होंगे, तो मैं हैरान नहीं हूं। वरना बहुत डिटेल में मिले थे हम। हमने सुना है कि वो अपने किरदार में बहुत घुस जाते हैं, तो शायद ‘गजनी’ में वो इतने घुस चुके थे कि जिस अवॉर्ड फंक्शन में वो आए थे, जहां मैं अवॉर्ड ले रहा था, वो भी भूल गए होंगे।’

आमिर संग विस्तार से हुई बातचीत, आइडियाज किए थे शेयर

सोनम वांगचुक ने आगे बताया कि उन्होंने आमिर खान के साथ कई बार विस्तार से बातचीत की थी, जिसमें उन्होंने अपने आइडियाज शेयर किए थे। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह ‘3 इडियट्स’ को अपनी जिंदगी पर आधारित या अपनी बायोग्राफी नहीं कहेंगे। बल्कि इसे उनसे मिली प्रेरणा का प्रभाव माना जा सकता है।

वांगचुक का दावा- हो सकता है आमिर ने टीम को न बताया हो

वांगचुक ने कहा कि हो सकता है कि आमिर ने अनजाने में ही उनकी बातचीत से कुछ बातें ली हों और उनसे मिले विचारों को टीम के साथ शेयर किया हो। और फिर ओरिजनल स्क्रिप्ट में बदलाव करके उन्हें शामिल कर लिया हो। वांगचुक के मुताबिक, शायद आमिर खान ने अपनी टीम को ये नहीं बताया होगा कि वो आइडियाज आए कहां से थे।

सोनम वांगचुक के लिए यह बोले थे आमिर खान

बता दें कि ब्रिटिश फिल्म इंस्टिट्यूट में बातचीत के दौरान जब आमिर से सोनम वांगचुक के बारे में पूछा गया और यह भीपूछा गया कि ‘3 इडियट्स’ में रैंचो के किरदार के लिए उन्होंने वांगचुक से प्रेरणा ली थी, तो वह बोले थे, ‘नहीं, असल में यह सच नहीं है। यह एक गलतफहमी है। जब हम फिल्म बना रहे थे, तब मुझे मिस्टर सोनम वांगचुक के बारे में पता नहीं था। मुझे पता है, मैंने हाल ही में ‘चतुर’ (एक्टर ओमी वैद्य) का एक वीडियो देखा जिसमें उन्होंने ऐसा कहा था। नहीं, वह गलत हैं। हो सकता है कि ‘चतुर’ ऐसा सोच रहे हों, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि न तो राजू, ना ही अभिजात और ना ही मुझे सोनम के बारे में पता था। हालांकि, मिस्टर सोनम जो काम कर रहे हैं, वह वैसे भी बहुत अच्छा है। उनकी और उनके काम की इज्जत करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि वह ‘3 इडियट्स’ के किरदार पर आधारित हों।’