Spread the love
भोपाल। ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच से यात्री का बैग चोरी करने वाले दो आरोपित को भोपाल जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से चोरी किया गया आइफोन, आईपैड, ईयरबड्स, एपल एयरटैग और अन्य सामान सहित कुल 2 लाख 63 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

सोते हुए यात्रियों को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, फरियादी रवि मिश्रा 30 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 22166 सिंगरौली एक्सप्रेस के एच-1 कोच में सीट नंबर 1, 2 और 3 पर परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। उन्होंने अपना पिट्ठू बैग और बैग खाली पड़ी सीट नंबर 4 पर रख दिया था।

गंजबासौदा स्टेशन से ट्रेन गुजरते समय नींद खुली तो दोनों बैग गायब मिले। बैग में आईफोन, आईपैड और अन्य कीमती सामान था।

सीसीटीवी से पकड़ाए

घटना गंजबासौदा क्षेत्र की होने पर जीआरपी विदिशा में बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया। भोपाल रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्धों की पहचान हुई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर चांदबड़ चौराहे से लोकेश रैकवार (22) और शाम रैकवार उर्फ राजू (18), निवासी गंजबासौदा को गिरफ्तार किया गया।