Spread the love

‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ और ‘गॉडजिला x कॉन्ग: द न्यू एम्पायर’ में जिया का किरदार निभाकर तारीफें बटोरने वालीं मशहूर एक्ट्र्रेस केली हॉटल की मौत हो गई है। एक कार क्रैश में 18 वर्षीय केली हॉटल की दर्दनाक मौत हो गई, जिसकी पुष्टि उनके पिता ने की। केली की मौत से फैंस के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। केली हॉटल ने कॉन्ग की करीबी साथी के तौर पर अपनी शानदार एक्टिंग से लोगों पर गहरी छाप छोड़ी थी।

केली हॉटल के पिता जोशुआ हॉटल ने फेसबुक लाइवस्ट्रीम में अमेरिकन साइन लैंग्वेज के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की और बताया कि कार एक्सीडेंट में केली की मौत हो गई। केली के पिता ने बताया कि यह हादसा मैरीलैंड में तब हुआ, और वह तब टेक्सास में थे। जोशुआ ने कहा कि उन्हें अधिकारियों का फोन आया, जिसमें एक्सीडेंट के बारे में बताया गया। फिर एक और फोन आया जिसमें कहा गया कि अस्पताल ले जाते समय केली का दिल धड़कना बंद हो गया था।

जॉर्जिया की रहने वालीं केली हॉटल, मूक-बधिर परिवार में जन्मीं

केली हॉटल अटलांटा, जॉर्जिया की रहने वाली थीं और वह एक मूक बधिर एक्ट्रेस थीं। एक बधिर परिवार में पली-बढ़ीं केली ने अपनी मुख्य भाषा के तौर पर अमेरिकन साइन लैंग्वेज (ASL) का इस्तेमाल किया और टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ में पढ़ाई की। ऐसे माहौल में पले-बढ़े होने के कारण, जहां रोजमर्रा की जिंदगी में ASL का अहम स्थान था, कम उम्र से ही उनमें आत्मविश्वास और एक्टिंग के प्रति जुनून पैदा हुआ। जल्द ही वह इंडस्ट्री की सबसे होनहार युवा बधिर कलाकारों में से एक के तौर पर उभरीं।

केली हॉटल का परिवार, भाई-बहन

केली के पिता, जोशुआ, एक ऐसे परिवार से हैं, जहां चार पीढ़ियों से लोग बहरे रहे हैं और सुन नहीं सकते। पिता की तरह, केली भी सुन नहीं सकती थीं और अमेरिकन साइन लैंग्वेज से गहरे जुड़ाव के साथ बड़ी हुईं। उनके परिवार में सुनने की क्षमता के मामले में मिली-जुली स्थिति थी। उनकी एक बड़ी बहन थीं, जो सुन नहीं सकती थी, और तीन छोटे भाई थे, जो सुन सकते थे। उनके बड़े होने के दौरान परिवार अकसर एक जगह से दूसरी जगह जाता रहता था। वे ओक्लाहोमा, कंसास और कोलोराडो में रहे और आखिर में जॉर्जिया में बस गए।

केली हॉटल को मिला अवॉर्ड

‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ में केली हॉटल ने जिया नाम की एक ऐसी मूक बधिर लड़की का किरदार निभाया था, जो अनाथ होती है। उसका फिल्म में कॉन्ग से बेहद खास रिश्ता था। फिर बाद में 2024 में आई फिल्म Godzilla x Kong: The New Empire में भी केली हॉटल जिया के किरदार में भी नजर आईं। इस फिल्म में दमदार परफॉर्मेंस के लिए केली को सैटर्न अवॉर्ड्स में बेस्ट परफॉर्मेंस बाई ए यंगर एक्टर की कैटिगरी में नॉमिनेशन मिला था।