Spread the love

वॉशिंगटन: अमेरिका में एक पूर्व मेयर चीन की ‘सीक्रेट एजेंट’ निकली हैं। दक्षिणी कैलिफोर्निया की पूर्व मेयर एलीन वांग ने चीनी सरकार के एक अवैध एजेंट के तौर पर काम करने का अपना गुनाह कबूल किया है। इसी महीने मेयर पद से इस्तीफा देने वाली एलीन ने कोर्ट के सामने यह माना कि उन्होंने चीनी अधिकारियों की तरफ से बीजिंग के पक्ष में लेख शेयर किए थे। ऐसा करते समय उन्होंने अमेरिकी सरकार को जानकारी नहीं दी थी, जो कानून के तहत जरूरी था।

एलीन ने लॉस एंजिल्स की एक फेडरल कोर्ट में शुक्रवार को गुनाह कबूला है। कोर्ट ने उनके कबूलनामे के बाद फैसला सुरक्षित कर लिया है। कोर्ट 6 अक्टूबर को सजा सुनाएगा। सजा सुनाए जाने तक एलीन को 25,000 अमेरिकी डॉलर के बॉन्ड पर रिहा किया गया है। इस केस में एलीन वांग को 10 साल तक की जेल और तीन साल तक निगरानी में रहने की सजा हो सकती है।

इसी महीने दिया इस्तीफा

एलीन वांग ने इस महीने की शुरुआत में अर्काडिया की मेयर पद से इस्तीफा दे दिया था। उन पर अप्रैल में अमेरिका में एक विदेशी सरकार की एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगा था। 56 साल की वांग नवंबर 2022 में पांच सदस्यीय नगर परिषद के लिए चुनी गई थीं, जिसमें से महापौर का चुनाव बारी-बारी से होता है।

संघीय अभियोजकों का कहना है कि एलीन वांग का अवैध आचरण 2020 से 2022 तक चला। अर्काडिया के अधिकारियों और वांग के वकीलों ने कहा कि यह उनके पदभार संभालने से पहले ही खत्म हो गया था। अर्काडिया लॉस एंजिलिस से 21 किलोमीटर उत्तर-पूर्व मेंहै। 53,000 की आबादी वाले इस शहर में अधिकतर आबादी एशियाई है। यहां चीनी काफी बड़ी संख्या में रहते हैं।

वांग के पार्टनर भी जेल में

वांग के गुनाह कबूल करने के समझौते के मुताबिक, वांग और उस समय उनके मंगेतर रहे याओनिंग माइक सन ने यूएस न्यूज सेंटर नाम की वेबसाइट पर पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के सरकारी अधिकारियों के प्रचार को बढ़ावा देकर उनके लिए काम किया था। सन पिछले अक्टूबर में इसी आरोप में अपना गुनाह कबूल करने के बाद चार साल की जेल की सजै काट रहे हैं।

जून 2021 में एक सरकारी अधिकारी ने वांग को ‘लॉस एंजिल्स टाइम्स’ में छपे एक ‘संपादक को पत्र’ का लिंक भेजा था। यह पत्र लॉस एंजिल्स में मौजूद पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के महावाणिज्य दूत ने लिखा था। इस लेख में चीन के शिनजियांग प्रांत में अल्पसंख्यक उइगरों के उत्पीड़न की रिपोर्टों का खंडन किया गया था। इसमें कहा गया था कि शिनजियांग में नरसंहार नहीं हुआ है।वांग ने अपनी वेबसाइट पर इस लेख का लिंक साझा किया। अमेरिका और कई अन्य देशों ने यह घोषणा की है कि उइगरों के प्रति बीजिंग की नीतियां नरसंहार और मानवता के विरुद्ध अपराध के समान हैं। वांग के वकीलों ने बताया कि उस समय वांग की सून के साथ सगाई हो चुकी थी लेकिन 2024 के वसंत में उनका यह रिश्ता टूट गया।