ग्वालियर में सोमवार शाम पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा लिफ्ट में फंस गए। वे जयेंद्रगंज में इंग्लिश कोचिंग क्लासेस की नई ब्रांच का उद्घाटन करने पहुंचे थे। पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर जाते समय लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर तकनीकी खराबी के कारण अटक गई। करीब 10 से 15 मिनट बाद कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
जयेंद्रगंज में नई ब्रांच का उद्घाटन
जानकारी के अनुसार, ‘ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस’ की नई ब्रांच का शुभारंभ लश्कर क्षेत्र में जयेंद्रगंज स्थित संजय कॉम्प्लेक्स के सामने वाली बिल्डिंग में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा थे। वे शाम को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए।
दूसरे फ्लोर पर झटके के साथ रुकी लिफ्ट
लिफ्ट पहले फ्लोर से ऊपर की ओर बढ़ी और दूसरे फ्लोर पर पहुंचते ही तकनीकी खराबी के कारण झटके के साथ रुक गई। इससे अंदर मौजूद लोग फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही बिल्डिंग के कर्मचारियों और आयोजकों में अफरा-तफरी मच गई।
10 से 15 मिनट बाद सुरक्षित निकाला
कर्मचारियों ने तुरंत लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश शुरू की। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद दरवाजा खोलकर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान आयोजक, पूर्व गृहमंत्री के सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी परेशान रहे। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
बाहर आने के बाद किया उद्घाटन
लिफ्ट से बाहर आने के बाद डॉ. मिश्रा ने कोचिंग संस्थान का रिबन काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो और वीडियो शेयर किए। उन्होंने इस कोचिंग को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक बेहतर विकल्प बताया। वहीं, लिफ्ट में फंसने और बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।



