सुपरस्टार रजनीकांत के फैंस जहां उनकी फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, वहीं बुधवार को दिग्गज एक्टर की 173वीं फिल्म ‘धर्मन’ का फर्स्ट लुक टाइटल पोस्टर जारी कर दिया गया है। इस फिल्म को कमल हासन की कंपनी ‘राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल’ प्रोड्यूस कर रही है, जबकि ‘ओह माय कडावुले’ और ‘ड्रैगन’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर अश्वथ मारिमुथु इसे डायरेक्ट करेंगे। सोशल मीडिया पर ‘धर्मन’ का फर्स्ट-लुक पोस्टर चर्चा में है, जिसकी खास वजह रजनीकांत एक खतरनाक अंदाज है। वह एक डॉक्टर के रूप में नजर आ रहे हैं, जिसे हाथ खून से सने हैं। बुधवार 24 जून को ही चेन्नई में फिल्म की मुहूर्त पूजा हुई है, जबकि गुरुवार से शूटिंग शुरू हो जाएगी।
कहना होगा कि ‘धर्मन’ का पोस्टर दिलचस्प है। खून से सने फर्स्ट लुक ने फैंस के लिए माहौल बना दिया है। इसमें रजनीकांत स्कैल्पेल यानी सर्जरी वाली चाकू लिए हुए हैं। उनके हाथ पर गहरे घाव और खून के धब्बे दिख रहे हैं। एक और चीज जिसने फिल्म के बारे में उत्सुकता बढ़ाई है, वह है कलाई पर दिख रहा रहस्यमयी ब्रेसलेट। हालांकि, पोस्टर फिल्म की कहानी के बारे में कोई सुराग नहीं देता, लेकिन साफ है कि यह एक जबरदस्त एक्शन एंटरटेनर होने वाला है।



