Spread the love

आतिशबाजी से खेत में लगी आग बुझाने पहुंचे किसानों से मारपीट, मामला दर्ज

भोपाल। राजधानी के सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवलखेड़ी रोड स्थित एक मैरिज गार्डन के बाहर मंगलवार रात विवाद का मामला सामने आया है। शादी समारोह के दौरान हुई आतिशबाजी से खेत में आग लगने पर उसे बुझाने पहुंचे किसानों के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अनिल कुशवाह (30) निवासी देवलखेड़ी लाम्बाखेड़ा ने पुलिस को बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे जीके पैलेस मैरिज गार्डन में विवाह समारोह चल रहा था। इस दौरान बारातियों द्वारा की जा रही आतिशबाजी से पास के खेत की नरवाई में आग लग गई।

आग बुझाने के लिए अनिल कुशवाह अपने साथी हरिओम कुशवाह के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं राधेश्याम कुशवाह और विष्णु कुशवाह गार्डन संचालक से बात करने गए। आरोप है कि इस दौरान गार्डन संचालक शोएब खान और शाद मोहम्मद ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट करने लगे।

शिकायत के अनुसार, एक आरोपी ने विष्णु कुशवाह के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है। वहीं राधेश्याम कुशवाह को आंख के पास डंडे से चोट आई है। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई।

घटना के बाद आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त मैरिज गार्डन में होने वाले आयोजनों के कारण अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा अवैध रूप से संचालित मैरिज गार्डनों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।