Spread the love

नई दिल्ली: अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो आज यानी रविवार 27 सितंबर 2026 को आपको बैंक जाने का मौका मिल सकता है। आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन इस बार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देश के बाद सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) खुले रहेंगे। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया है।

आरबीआई ने बैंकों की शाखाओं, कार्यालयों, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को खोलने की अनुमति दी है। इसका मकसद ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम निपटाने के लिए एक अतिरिक्त दिन देना है। दरअसल, 28 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिन बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में रविवार को भी बैंक बंद रहता तो ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक शाखाओं में सेवाएं नहीं मिल पातीं।

क्या आज सभी बैंक खुले हैं?

नहीं। रविवार को सभी बैंकों के खुले होने की बात नहीं है। आरबीआई के निर्देश के मुताबिक पब्लिक सेक्टर यानी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक आज खुले रहेंगे। इन बैंकों के ग्राहक शाखा जाकर जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकते हैं। वहीं प्राइवेट बैंक हड़ताल में शामिल नहीं हैं, इसलिए उनके रविवार को सामान्य रूप से बंद रहने की संभावना है।

क्यों खोले गए सरकारी बैंक?

बैंक खोलने का यह फैसला लगातार कई दिनों तक बैंक शाखाएं बंद रहने की स्थिति को देखते हुए लिया गया है। 27 सितंबर रविवार है, जबकि इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल है। इससे पहले शनिवार भी बैंकिंग हॉलिडे था।

ऐसे में अगर रविवार को भी बैंक बंद रहते तो कई जगहों पर बैंक शाखाएं लगातार पांच दिन तक ग्राहकों के लिए उपलब्ध नहीं होतीं। इसी वजह से RBI ने रविवार को सरकारी बैंकों और RRBs को खोलने का इंतजाम किया है, ताकि ग्राहक हड़ताल से पहले अपने जरूरी काम पूरे कर सकें।

बैंक अधिकारियों के संगठन ने जताई आपत्ति

हालांकि रविवार को 27 सितंबर को कामकाजी दिन बनाने के फैसले पर सभी बैंक कर्मचारी संगठनों की सहमति नहीं है। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) ने 23 सितंबर को जारी बयान में अपने सदस्यों से रविवार, 27 सितंबर को ड्यूटी पर नहीं आने की सलाह दी थी।

संगठन का कहना है कि औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत यह दिन छुट्टी का दिन है। AIBOA ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित Stay-Out Strike में भी शामिल होने की बात कही है।

ग्राहकों के लिए क्या मतलब?

अगर आपका खाता किसी सरकारी बैंक या RRB में है और आपको शाखा जाकर काम कराना है, तो आज आपके लिए अतिरिक्त मौका है। खासकर चेक, दस्तावेज जमा करने या ऐसे दूसरे काम जिन्हें शाखा जाकर पूरा करना जरूरी है, उन्हें हड़ताल से पहले निपटाया जा सकता है।

हालांकि, बैंकिंग सेवाओं की वास्तविक उपलब्धता शाखा और संगठन के स्तर पर अलग हो सकती है। इसलिए घर से निकलने से पहले संबंधित शाखा की स्थिति की पुष्टि करना बेहतर रहेगा।