नई दिल्ली, लोकसभा में दोपहर 2 बजे से पेपर लीक से जुड़े ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा शुरू हो गई है। इस विधेयक में 2024 में बने कानून में बदलाव का प्रस्ताव है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह बिल पर अपनी बात रख रहे हैं। स्पीकर ओम बिड़ला ने चर्चा के लिए 6 घंटे का समय तय किया है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार ने सभी दलों से बात की है। हम 10 घंटे भी चर्चा को तैयार हैं। NDA के कई युवा सांसद चर्चा में संशोधन विधेयक पर सरकार का पक्ष रखेंगे। इनमें भाजपा की बांसुरी स्वराज और तेजस्वी सूर्या शामिल हैं। INDIA ब्लॉक की ओर से विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और गौरव गोगोई बोलेंगे।
इससे पहले सुबह 11 बजे संसद में लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे के बीच शुरू हुई। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने सभी दलों से सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा- संसद में चर्चा और संवाद होना चाहिए, ताकि देश में सकारात्मक संदेश जाए। हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही पहले दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई थी। बाद में राज्यसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।



