भोपाल। किसी समय एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी रही एलायंस एयर पहली बार भोपाल का पटना से हवाई कनेक्शन जोड़ने जा रही है। कंपनी 10 अगस्त से भोपाल-पटना के बीच उड़ान शुरू कर रही है। इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन होगा। एलायंस एयर अब सरकारी कंपनी है।
रीवा और कोलकाता के बाद पटना भी जुड़ा
कंपनी ने दो दिन पहले ही भोपाल से रीवा एवं कोलकाता उड़ान शुरू करने की घोषणा की थी। अब पटना को भी जोड़ा जा रहा है। पटना रूट पर भी 72 सीटों वाला एटीआर विमान चलाया जाएगा। इस रूट पर रविवार, सोमवार एवं बुधवार को उड़ान संचालित की जाएगी।
एयरपोर्ट पर बुकिंग कार्यालय जल्द
कंपनी जल्द ही राजा भोज एयरपोर्ट पर बुकिंग कार्यालय खोलेगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी के अनुसार कंपनी ने शेड्यूल जारी कर दिया है, पर अभी स्थान आवंटन नहीं कराया है। एक-दो दिन में यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।
तख्त श्री पटना साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
भोपाल से बिहार का यह पहला सीधा हवाई कनेक्शन होगा। यहां से कभी भी पटना की सीधी उड़ान शुरू नहीं हुई है। रिश्तेदारी के लिहाज से पटना जाने वालों को अब सुविधा हो जाएगी। पटना सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली भी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु तख्त श्री पटना साहिब के दर्शन करने जाते हैं। अब उन्हें सुविधा हो जाएगी। इस उड़ान में शुरुआती किराया चार से पांच हजार रुपये के बीच होगा।
उड़ान की समय-सारणी
- उड़ान संख्या 9आई 933 एवं 934 का 10 अगस्त से प्रभावी शेड्यूल:
- पटना प्रस्थान: दोपहर 1.45 बजे, भोपाल आगमन: शाम 4.15 बजे
- भोपाल से प्रस्थान: शाम 5.05 बजे, पटना आगमन: शाम 7.35 बजे



