Spread the love

सोशल मीडिया पर दीपिका पादुकोण की एक इंस्टाग्राम स्टोरी वायरल हो रही है, जिसमें सोनम वांगचुक के सपोर्ट में कुछ बातें लिखी गई हैं। इस स्क्रीनशॉट को लेकर दावा किया गया कि यह दीपिका पादुकोण का इंस्टा पोस्ट है, जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक का सपोर्ट किया। हालांकि, उन्होंने कुछ ही मिनटों बाद इसे डिलीट भी कर दिया। तो क्या दीपिका ने वाकई सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का सपोर्ट किया? सच क्या है, यहां जानिए:

वायरल हो रही तस्वीर में एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी दिख रही है, जिसमें दीपिका ने सोनम वांगचुक की एक पोस्ट को इस कैप्शन के साथ री-शेयर किया है- वह उपवास कर रहे हैं। हम बस स्क्रॉल कर रहे हैं।’

दीपिका की कथित वायरल इंस्टाग्राम स्टोरी में क्या लिखा है?

वायरल इंस्टा स्टोरी के मुताबिक, दीपिका ने इसमें लिखा- इस बारे में कोई बात क्यों नहीं कर रहा है? हम लोकतंत्र के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। चाहे किसी नाकाम नेता को महान दिखाने के लिए कितनी भी फिल्में क्यों न बन जाएं, सच्चाई नहीं बदलती।’ दावा किया जा रहा है कि दीपिका ने मौजूदा हालातों पर दुख जाहिर किया है, लेकिन असल में यह फेक है।

फेक है दीपिका पादुकोण के नाम से वायरल पोस्ट

दीपिका पादुकोण ने इस तरह की कोई भी इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट नहीं की है। बल्कि उनके वेरिफाइड अकाउंट्स पर ऐसी कोई पोस्ट नहीं है। यानी यह एक फेक पोस्ट है, जिसे डिजिटली एडिट करके सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है, और प्रचार किया जा रहा है कि यह दीपिका ने पोस्ट किया था और फिर डिलीट भी कर दिया। सच सामने आने पर यूजर्स भी हैरान हैं।

दीपिका के फेक पोस्ट का ऐसे पता चला सच

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका पादुकोण से लेकर आलिया भट्ट, शाहरुख खान और आमिर खान तक ने अभी 15 जुलाई तक सोनम वांगचुक या उनकी भूख हड़ताल को लेकर किसी भी तरह का न तो पोस्ट किया है और ना ही बयान दिया है। इसके अलावा जिस तरह से बॉलीवुड के ए-लिस्ट स्टार्स सोनम वांगचुक वाले मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं, उससे यह और पुष्ट हो जाता है कि दीपिका के नाम पर वायरल यह इंस्टाग्राम स्टोरी पूरी तरह से फर्जी है। वहीं, X पर कई यूजर्स का दावा है कि दीपिका पादुकोण के नाम से वायरल सोनम वांगचुक का पोस्ट AI जेनरेटेड है।

सोनम वांगचुक के अनशन पर बड़े एक्टर्स चुप, पर ये सेलेब्स बोले

बेशक, दीपिका से लेकर आमिर खान, शाहरुख, अमिताभ बच्चन और सलमान खान जैसे बडे़ स्टार्स नीट पेपर लीक और सोनम वांगचुक के अनशन पर चुप हैं, पर कई सेलेब्स ने उन्हें सपोर्ट किया और अनशन खत्म करने की गुहार लगाई है। इनमें अनुराग कश्यप और नसीरुद्दीन शाह से लेकर रत्ना पाठक शाह, जीनत अमान, अभय देओल, विशाल ददलानी, पूजा बत्रा और अतुल कुलकर्णी समेत कई नाम शामिल हैं। मालूम हो कि सोनम वांगचुक 19 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। वह नीट पेपर में धांधली, परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर भूख हड़ताल पर हैं। उनकी एक और मांग शामिल है। उन्होंने सरकार से लद्धाख के लिए पूर्ण राज्य के दर्जे की भी मांग की है।