Spread the love

तिरुपति: तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने आस्था और दान के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। मंदिर प्रशासन ने एक ही दिन में सबसे अधिक दान प्राप्त करने का रिकॉर्ड बनाया है। मंगलवार को दर्शन सुविधाओं में बदलाव की घोषणा के बाद दुनिया भर के 2,460 श्रद्धालुओं ने करीब 97 करोड़ रुपये का दान देकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। टीटीडी ट्रस्ट बोर्ड ने मंगलवार देर रात से दानदाताओं को मिलने वाली कुछ विशेष दर्शन सुविधाओं में बदलाव लागू करने की घोषणा की थी। इसके बाद श्रद्धालुओं में मौजूदा सुविधाओं को बनाए रखने के लिए समय सीमा से पहले दान करने की होड़ मच गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि जो भक्त निर्धारित समय सीमा से पहले अपना दान पूरा कर देंगे उन्हें पहले की तरह विशेष सुविधाएं मिलती रहेंगी।

दोनों मामलों में नया रिकॉर्ड

टीटीडी के अध्यक्ष बीआर नायडू ने बताया कि ट्रस्ट ने एक ही दिन में दान की कुल राशि और दानदाताओं की संख्या, दोनों मामलों में नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भगवान श्री वेंकटेश्वर के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रमाण है। टीटीडी के आंकड़ों के अनुसार, 26 जून 2026 तक ट्रस्ट के पास लगभग 1.98 लाख पंजीकृत दानदाता थे। नई घोषणा के बाद मात्र 10 घंटे के भीतर 2,450 से अधिक नए श्रद्धालुओं ने 1 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये से अधिक तक की राशि दान कर दी। इस दौरान भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं ने भी ऑनलाइन और बैंकिंग माध्यमों से बड़ी संख्या में योगदान दिया।