Spread the love

बॉलीवुड की लेडी सुपरस्‍टार दीपिका पादुकोण फिर से मां बनने वाली हैं। सितंबर 2024 में बेटी दुआ को जन्‍म देने के करीब डेढ़ साल बाद उन्‍होंने रविवार, 19 अप्रैल को अपनी दूसरी प्रेग्‍नेंसी की घोषणा की। इसके साथ ही रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की जोड़ी के लिए शुभकामनाओं की बौछार हो रही है। इस कपल ने इंस्टाग्राम पर एक जॉइंट पोस्ट शेयर किया, जिसमें उनकी बेटी दुआ, अपनी मम्मी दीपिका की पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़े हुए नजर आई। बीते 23 घंटों में इस पोस्‍ट को 4.2 मिलियन से ज्यादा लाइक्स और 51.2 हजार से अध‍िक कॉमेंट्स मिले हैं। कटरीना कैफ, अनुष्का शर्मा, प्रियंका चोपड़ा, और करीना कपूर समेत तमाम हस्तियों ने बधाई दी है। फैंस भी भरदम प्‍यार लुटा रहे हैं। लेकिन क्‍या दीपिका और रणवीर इसके बाद एक और बच्‍चे की प्‍लानिंग करेंगे? यह सवाल इसलिए कि खुद 40 साल की दीपिका पादुकोण ने इसको लेकर पहले हिंट दिया था।

साल 2006 में कन्‍नड़ फिल्‍म ‘ऐश्‍वर्या’ से एक्‍ट‍िंग डेब्‍यू और 2007 में ‘ओम शांति ओम’ से बॉलीवुड डेब्‍यू करने वाली दीपिका पादुकोण, इन दिनों अल्‍लू अर्जुन के साथ फिल्‍म ‘राका’ और शाहरुख खान के साथ ‘किंग’ की शूटिंग में बिजी हैं। दूसरी ओर, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की ऐतिहासिक सफलता का जश्‍न मना रहे हैं। इस बीच कपल की इस घोषणा से फैंस खासे एक्‍साइटेड हैं। लगे हाथ सोशल मीडिया पर दीपिका पादुकोण के पुराने इंटरव्‍यूज और बयान फिर से सामने आए हैं, जिसमें उन्‍होंने मातृत्व और एक बड़े परिवार की चाह को लेकर बातें की थीं।

दीपिका पादुकोण ने कहा था- 3 छोटे छोटे बच्‍चे

साल 2018 में शादी से ठीक एक साल पहले 2017 में दीपिका पादुकोण ने राजीव मसंद को एक इंटरव्‍यू दिया था। इसमें उन्‍होंने कहा था, ‘मरने से पहले एक चीज जो मुझे जरूर करनी है, वह है ढेर सारे बच्चे पैदा करना। मैं यही करना चाहती हूं।’ इस दौरान एक्‍ट्रेस ने एक्‍ट‍िंग से परे अपनी निजी जिंदगी के बारे में भी बात की थी और कहा था, ‘अगर मैं एक्ट्रेस नहीं होती तो मुझे नहीं पता कि मैं क्या कर रही होती। लेकिन उम्मीद है कि मेरे आस-पास कुछ बच्चे होते। तीन छोटे-छोटे बच्चे, जो इधर-उधर भाग-दौड़ कर रहे होते।’

‘बच्‍चों को अपने साथ शूट पर ले जाना चाहती हूं’

दीपिका पादुकोण बेटी दुआ के जन्‍म के बाद से ही एक्‍ट्रेसेस के लिए काम के 8 घंटों को लेकर पुरजोर पैरवी कर रही हैं। इस कारण कथ‍ित तौर पर उनके हाथ से ‘कल्‍क‍ि 2898 AD’ का सीक्‍वल और संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्‍प‍िरिट’ भी छूटी है। अपने पुराने इंटरव्‍यू में दीपिका ने बच्‍चे को समय देने और काम में संतुलन बनाने को लेकर भी बात की थी। कहा था, ‘उम्मीद है कि मैं इतना काम कर रही होती कि अपने बच्‍चों को अपने साथ शूट पर ले जा पाती। एक खुशहाल परिवार होता और साथ ही, मैं वही काम कर रही होती जो मैं अभी कर रही हूं।’

रणवीर सिंह के साथ ढेर सारे बच्चे की चाहत

दीपिका पादुकोण ने शादी के बाद रणवीर सिंह के साथ ढेर सारे बच्‍चे की चाहत भी जाहिर की थी। कान फिल्‍म फेस्‍ट‍िवल में ‘France24’ के साथ बातचीत में उन्होंने कहा था, ‘मुझे ढेर सारे बच्चों, ढेर सारे नाती-पोतों और एक अच्छी जिंदगी की चाहत है। मैं रणवीर के साथ ढेर सारे बच्‍चे करना चाहती हूं।’ जानकारी के लिए बता दें कि रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने नवंबर 2018 में इटली में शादी की थी, जिसके बाद 8 सितंबर 2024 को उनकी बेटी दुआ का जन्म हुआ।

रणवीर सिंह ने ‘डैडी ड्यूटी’ को बताया था सबसे बड़ी खुशी

दीपिका पादुकोण की तरह ही रणवीर सिंह को भी बच्‍चों से बहुत लगाव है। साल 2024 में जब बेटी दुआ का जन्‍म हुआ, तब रणवीर ने पिता बनने की भावनाओं के बारे में खुलकर बात की थी। एक इवेंट में एक्‍टर ने 40 साल के एक्‍टर ने बेझिझक बताया, ‘अभी मैं जिस असीम खुशी को महसूस कर रहा हूं, काश मेरे पास उसे बयां करने के लिए शब्द होते। लेकिन किसी भी भाषा में ऐसे कोई शब्द नहीं हैं जो इस खुशी को पूरी तरह से बयां कर सकें। यह किसी जादू जैसा है। मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं काफी समय से ‘डैडी ड्यूटी’ पर हूं। दुआ के साथ समय बिताना, घर लौटकर उसे देखने मात्र से दुनिया की सबसे बड़ी खुशी नसीब होती है।’

दीपिका संग ‘राका’ की शूट‍िंग के लिए मुंबई श‍िफ्ट होंगे अल्‍लू अर्जुन

इस बीच, खबर ये भी है कि एटली के डायरेक्‍शन में बन रही फिल्‍म ‘राका’ के लिए अल्लू अर्जुन मुंबई शिफ्ट हो रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘आइकन स्टार’ और दीपिका मुंबई में इस फिल्‍म के शूटिंग शेड्यूल को तेजी से खत्‍म करना चाह रहे हैं। खबर है कि दीपिका की प्रेग्‍नेंसी को ध्‍यान में रखते हुए और फ‍िल्म के शेड्यूल को मैच करने के लिए बार-बार सफर करने की बजाय अल्‍लू अर्जुन ने अगले दो से तीन साल मुंबई शिफ्ट होने का प्लान बनाया है।

‘राका’ का ₹900 करोड़ का बजट और कास्‍ट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘राका’ का बजट ₹700 से ₹900 करोड़ के बीच होने वाला है। ‘पुष्‍पा 2’ की बंपर सफलता के बाद अल्लू अर्जुन इसे एक चुनौती के तौर पर ले रहे हैं। ‘फ्ररीप्रेस जर्नल’ के मुताबिक, अल्‍लू अर्जुन और एटली मानते हैं कि इस प्रोजेक्‍ट को समर्पण की जरूरत है। लिहाजा, वो मुंबई में ही इसका बेस बनाने की तैयारी में हैं। सन पिक्‍चर्स के बैनर तले बन रही ‘राका’ में अल्‍लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण के अलावा रश्‍म‍िका मंदाना, मृणाल ठाकुर, जान्‍हवी कपूर, राम्या कृष्‍णन, जिम सर्भ और योगी बाबू भी नजर आएंगे।