भोपाल। राजधानी में सड़क पर वीआईपी रौब दिखाने और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वालों के खिलाफ बुधवार को भी विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई। जिला न्यायालय के निर्देश पर आईएसबीटी बस स्टैंड के पास मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस और एमपी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
122 वाहनों के कटे चालान
इस दौरान हूटर, सायरन, पदनाम दर्शाने वाली अवैध नेम प्लेट, काली फिल्म और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 122 वाहनों के चालान बनाए गए। अभियान का नेतृत्व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्नीन्ध्र कुमार द्विवेदी ने किया। उनके साथ अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियंक दुबे और न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार पाठक, भारत सिंह रघुवंशी और शरद जायसवाल भी मौजूद रहे।
प्रभाव दिखाने वाली नेम प्लेटें भी हटाई गईं
कार्रवाई में यातायात पुलिस के एक सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात थाना प्रभारी, दो सूबेदार, 35 पुलिसकर्मी और स्थानीय थाना पुलिस शामिल रही। जांच के दौरान नियमों के विरुद्ध लगे हूटर-सायरन हटवाए गए, काली फिल्म उतरवाई गई और प्रभाव दिखाने वाली नेम प्लेटें भी मौके पर हटाई गईं।



