ग्वालियर हाईकोर्ट में अंबेडकर प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर ओबैदुल्लागंज में कांग्रेस का संविधान सत्याग्रह
ओबैदुल्लागंज। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार ओबैदुल्लागंज ब्लॉक में “संविधान सत्याग्रह कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत नगर के कांग्रेसजनों और वरिष्ठ नागरिकों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष सांकेतिक धरना देकर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
धरने का मुख्य उद्देश्य ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग को मजबूती देना था। कांग्रेसजनों ने कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल संविधान निर्माता हैं, बल्कि न्याय व्यवस्था के भी आधार स्तंभ माने जाते हैं। इसलिए न्यायालय परिसर में उनकी प्रतिमा का होना न केवल उचित बल्कि आवश्यक भी है।
धरने में नगर कांग्रेस परिवार के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक संगठन के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक ग्वालियर हाईकोर्ट में अंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापित नहीं हो जाती।
धरने के दौरान संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया और लोकतंत्र, समानता और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।



