सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। धान घोटाले का आरोपी शशिकांत महंत कलेक्ट्रेट में टॉयलेट साफ कर रहा है। उसने दावा किया है कि यह काम वह कलेक्टर के कहने पर कर रहा है। वहीं, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
टॉयलेट की सफाई कर रहा है शशिकांत महंत
शशिकांत महंत धान घोटाले का आरोपी है। उसका वीडियो सामने आया है, जिसमें वह टॉयलेट की सफाई कर रहा है। उसने वीडियो में दावा किया कि वह कलेक्टर के कहने पर टॉयलेट की सफाई कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक सप्ताह पुराना है लेकिन अब सामने आया है।
कलेक्टर ने कहा कि झूठ बोल रहा
वहीं, शशिकांत महंत के आरोपों परसक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह कार्रवाई से बचने के लिए आरोप लगा रहा है। धान घोटाले मामले में उसके खिलाफ रिकवरी के लिए एफआईआर दर्ज हुई है।
धान की बोरियों में मिट्टी मिलाने का आरोप
यह पूरा मामला पुटीडीह धान खरीदी केंद्र से जुड़ा है। नवंबर 2025 में धान की खरीदी हुई थी। धान की बोरियों में मिट्टी मिलाए जाने की सूचना मिली थी। जांच में पाया गया कि 4200 क्विंटल धान कम है। इससे सरकार को 1.31 करोड़ रुपए नुकसान का अनुमान था। इसी मामले में शशिकांत महंत और अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई थी।
जेल में है शशिकांत
वहीं, सक्ती पुलिस ने इस मामले में शशिकांत मंहत को गिरफ्तार कर लिया है। वह जेल में बंद है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। गौरतलब है कि इस वीडियो को लेकर शशिकांत महंत ने मानवाधिकार आयोग में कलेक्टर के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई है।



