नई दिल्ली, दिल्ली की लोधी कॉलोनी में एक नवविवाहिता की मौत के मामले में नए खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक शनिवार को 28 साल की आकृति सुतार फ्लैट्स की तीसरी मंजिल से गिर गईं थीं। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। हालांकि परिवार इसे सुसाइड नहीं मर्डर बता रहा है।
परिवार ने बताया कि, शनिवार को आकृति न सिर्फ ऑफिस गई थीं, बल्कि उन्होंने अपने साथियों के लिए एक छोटी सी पार्टी भी दी थी। उनका कहना है कि यह डिप्रेशन का संकेत नहीं था।
इसके अलावा, आकृति ने शाम करीब 6 बजे अपनी मां से बात की थी और उस समय वह बिल्कुल सामान्य लग रही थीं। उन्होंने पार्टी के बारे में बात की और कहा कि वह घर लौट रही हैं। फिर तीन घंटे बाद कोई सुसाइड कैसे कर सकता है।
निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव थी आकृति, ढाई महीने पहले शादी हुई
पुलिस के मुताबिक आकृति दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली थीं और छतरपुर की एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थीं।
आकृति के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि घटना को आत्महत्या का रूप देकर आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसकी पिटाई करता था और दहेज को लेकर उसे लगातार परेशान किया जाता था। परिजनों के अनुसार, यह लव-कम-अरेंज मैरिज थी।
पति की बहन आकृति की दोस्त थी
आकृति की दोस्ती पहले अरस्तु की बहन अगस्तिका सिक्का से हुई थी, फिर अरस्तु के साथ उसका रिश्ता बन गया। ऐसे में उसकी मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
आकृति के चाचा मनंजय सुतार ने बताया कि आकृति ने शाम करीब 6 बजे अपनी मां से बात की थी। दो घंटे बाद यानी रात करीब 8 बजे परिवार को उनके पति का फोन आया। जिन्होंने बताया कि वह लापता हो गई हैं। करीब 90 मिनट बाद पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि पालिका कुंज में एक महिला का शव मिला है।



