Spread the love

भोपाल, भोपाल में 4 नवंबर को प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।

सुबह 10 बजे से टीटी नगर के अटल पथ पर होने वाले इस कार्यक्रम में 40 से 50 हजार कार्यकर्ताओं और लोगों के शामिल होने की संभावना है।

इनके आने-जाने के लिए करीब 1200 बसें और 2 हजार चार पहिया वाहन शहर में पहुंचेंगे। कार्यक्रम के बाद अटल पथ से अपेक्स बैंक तिराहे तक वृहद रैली भी निकाली जाएगी।

रूट, ड्रॉप एंड गो और पार्किंग की व्यवस्था तय

बड़ी संख्या में वाहनों के शहर में आने के मद्देनजर यातायात पुलिस ने रूट, ड्रॉप एंड गो और पार्किंग की व्यवस्था तय की है। इसके तहत अलग-अलग जिलों और शहर के क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस के मुताबिक, सुबह 8 बजे से भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, माता मंदिर, रोशनपुरा, लिंक रोड-1 और पॉलिटेक्निक चौराहे के आसपास यातायात का दबाव अधिक रहेगा।

इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

बसों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग तय

  • विदिशा-रायसेन की ओर से आने वाली बसें: पटेल नगर, खजूरी कलां तिराहा, पिपलानी रोड, महात्मा गांधी चौराहा, चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस, लिंक रोड-1, अपेक्स बैंक और टीटी क्रॉस होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। बसें एलएलए रेस्ट हाउस परिसर में पार्क होंगी।
  • नर्मदापुरम, मंडीदीप, मिसरोद और बागसेवनिया की ओर से आने वाली बसें: नर्मदापुरम रोड, सावरकर सेतु, गणेश मंदिर, मानसरोवर तिराहा, लिंक रोड-2, अर्जुन नगर, सेकंड स्टॉप और तुलसी नगर होते हुए अटल पथ के पास यात्रियों को उतारेंगी। बसों की पार्किंग तुलसी नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास रहेगी।
  • सीहोर, रातीबड़ और नीलबड़ की ओर से आने वाली बसें: रातीबड़, नीलबड़, साखी ढाबा तिराहा, भदभदा चौराहा और भारत माता चौराहा होते हुए जवाहर चौक पर यात्रियों को उतारेंगी। बसों को मॉडल स्कूल में पार्क किया जाएगा।
  • मुबारकपुर बायपास और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बसें: मुबारकपुरा, गांधीनगर, लालघाटी, वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक चौराहा, बाणगंगा चौराहा और रंगमहल होते हुए कमला नेहरू स्कूल सेंटर पॉइंट पर यात्रियों को उतारेंगी। बसें टीटी नगर दशहरा मैदान के आसपास पार्क होंगी।
  • पुराने शहर से आने वाली बसें: भारत टॉकीज, लिली चौराहा, कंट्रोल रूम, गांधी पार्क और रोशनपुरा चौराहा होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। बसों की पार्किंग लाल परेड मैदान, रवींद्र भवन और खटलापुरा रोड पर रहेगी।