Spread the love

अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्‍टारर ‘हैवान’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। दो मिनट 34 सेकंड के इस ट्रेलर में डायरेक्‍शन प्रियदर्शन ने हाई-स्टेक क्राइम थ्रिलर की ऐसी झलक दिखाई है, जिसमें रहस्य है, रोमांच है, शहर में हो रही लगातार मौतों का स‍िलस‍िला है, एक बच्‍ची है, उसका रखवाला बना एक दिव्‍यांग है, जो देख नहीं सकता और है एक ‘हैवान।’ यह फिल्‍म इसलिए भी खास है कि अक्षय और सैफ 18 साल बाद एकसाथ स्क्रीन पर आ रहे हैं। ट्रेलर में गूंजती चीख, अंधेपन की बेबसी और हैवानियत की हद के बीच एक डायलॉग गूंजता है- अंधे होने से ज्यादा बुरा है बेवकूफ होना।

अपनी कॉमेडी फिल्‍मों के लिए पहचाने जाने वाले प्रियदर्शन ने इस बार डार्क क्राइम-थ्र‍िलर कहानी चुनी है। ‘हैवान’ट्रेलर की शुरुआत में हमें अक्षय कुमार की आवाज सुनाई देती है। वह गिड़गिड़ा रहे हैं- ‘सर… सर, उसने मुझे देख लिया सर। वो मुझे मार देगा सर। मुझे बचालो सर। उसके हाथ में चाकू है।’ इसके बाद एक चीख गूंजती है और फिर जो कहानी सामने आती है, वह रोंगेट खड़े कर देती है।

एक साल, 7 परिवार की हत्‍या और एक हैवान

ट्रेलर में हमें इस खौफनाक शुरुआती सीन के बाद सैयामी खेर की झलक दिखती है। वह पुलिस की वर्दी में हैं। बताती हैं कि पिछले एक साल में शहर में सात वारदातें हुई हैं, जहां कोई एक पीड़ित नहीं है, बल्‍क‍ि सात के सात परिवारों को मौत के घाट उतार दिया गया है। इसके बाद हम अक्षय के किरदार को रहस्‍यमी संगीत के बीच एक छिपे हुए शिकारी की तरह देखते हैं। सैफ अली खान ने फिल्‍म में एक दिव्‍यांग का किरदार निभाया है, जो देख नहीं सकता। वह एक बच्‍ची की सुरक्षा कर रहा है। लेकिन ‘हैवान’ उसके पीछे पड़ा है।

माइंड गेम वाली साइकोलॉजिकल थ्र‍िलर

‘हैवान’ असल में साल 2016 की मलयालम फ‍िल्म ‘ओप्पम’ का ऑफ‍िशियल हिंदी रीमेक है। मलयालम फिल्‍म को भी प्रियदर्शन ने ही डायरेक्ट किया था। ‘हैवान’ के ट्रेलर में हम आगे एक दिव्‍यांग की हैवान से लड़ाई देखते हैं। शुरुआत में यह छ‍िपकर बचने की कोश‍िश दिखती है। लेकिन आख‍िर तक यह माइंड गेम वाली साइकोलॉजिकल थ्र‍िलर, साहस और जिंदा रहने की जंग में बदल जाती है।

रॉनी रफेल के बैकग्राउंड स्‍कोर, कभी-कभी आती है ‘काबिल’ की याद

करीब ढाई मिनट के ट्रेलर में जो चीजें याद रह जाती हैं, वह है इसका कलर पैलेट। प्रियदर्शन ने डार्क कलर पैलेट और रॉनी रफेल के बैकग्राउंड स्‍कोर से रहस्‍यमयी प्‍लॉट को रोमांचक बनाया है। हालांकि, कई मौकों पर आपको ऋतिक रोशन के ‘काबिल’ की याद आती है, लेकिन वह एक रिवेंज थ्र‍िलर थी, ‘हैवान’ का प्‍लॉट उससे अलग है। ट्रेलर में हमें सैयामी खेर के साथ ही बोमन ईरानी भी नजर आते हैं।

‘हैवान’ की रिलीज डेट और कास्‍ट

प्रियदर्शन के डायरेक्‍शन में बनी ‘हैवान’ अगले महीने 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्‍म में अक्षय कुमार, सैफ अली खान, बोमन ईरानी, ​​श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर, राजपाल यादव, शारिब हाशमी, राजेश शर्मा, पहल चौधरी और मनोज जोशी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्‍म का निर्माण वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने किया है। जबकि इसकी पटकथा प्रियदर्शन ने अभिलाष नायर और रोहन शंकर के साथ मिलकर लिखी है।