Spread the love

मेरठ: मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में पति को सांप से डसवाकर मारने के मामले में आरोपी दामिनी का एक टैटू अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। दामिनी के उल्टे हाथ पर लिखा हुआ ‘अतुल की गुर्जरी’ टैटू सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे देखकर लोग हैरान हैं कि जिस पति का नाम उसने अपने हाथ पर हमेशा के लिए गुदवाया था, उसी की हत्या की साजिश रचने का आरोप अब उसी पर है।

पुलिस जांच के अनुसार, दामिनी पर आरोप है कि उसने अपने ड्राइवर प्रेमी तुषार के साथ मिलकर पति अतुल की हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि इस साजिश के तहत अतुल को सांप से कटवाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले के खुलासे के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

टैटू की तस्‍वीर आने से चर्चा शुरू

इधर, जैसे ही दामिनी के हाथ पर बने टैटू की तस्वीर सामने आई, लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। टैटू में लिखा अतुल की गुर्जरी इस बात का प्रतीक माना जा रहा था कि वह अपने पति से बेहद प्रेम करती है। लेकिन हत्या के आरोप सामने आने के बाद यही टैटू अब सवालों के घेरे में आ गया है।

लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे

स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर टैटू को प्रेम, विश्वास और रिश्ते की पहचान माना जाता है, लेकिन इस मामले में तस्वीर बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि हाथ पर पति का नाम गुदवाने वाली महिला ने अपने ही पति की हत्या की साजिश कैसे रच डाली।

पुलिस कर रही वैज्ञानिक जांच

पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वैज्ञानिक व तकनीकी जांच के आधार पर विवेचना आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें किस-किस की भूमिका रही।यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर प्रेम का प्रतीक माना जाने वाला टैटू है, तो दूसरी ओर उसी पति की हत्या का आरोप। इस विरोधाभास ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।