वॉशिंगटन: अमेरिका के मिनेसोटा में दो युवा किसानों ने लगभग एक दशक पहले भेड़ों की मदद से एक ऐसा बिजनेस शुरु किया, जो आज उन्हें मालामाल कर रहा है। अर्लो हार्क और जोसेफिन ट्रोपल ने साल 2017 में मिनिसोटा में कैनन रिवर वैली में सोलर ग्रेजिंग का काम शुरू किया। उनकी कंपनी ‘कैनन वैली ग्रेजिंग’ सोलर फॉर्म में जानवरों की मदद से घास चरवाने का काम करती है। अब तक यह 6500 एकड़ से ज्यादा सोलर फॉर्म में घास चरवा चुकी है। भेड़ों की मदद से जमीन का प्रबंधन करने वाली इस जोड़ी को साल 2026 का सोलर रैंचर्स ऑफ द ईयर चुना गया है।
देश के अलग-अलग इलाकों में लेकर जाते हैं भेड़
आर्लो हार्क और जोसेफिन ट्रोपल ने साल 2017 में मिनेसोटा में कैनन वैली ग्रेजियर्स की स्थापना की। यह कंपनी भेड़ों की मदद से जमीन का प्रबंधन करती है और एक खास सोलर ग्रेजिंग ऑपरेशन चलाती है। इनके जानवरों का झुंड हर मौसम में मिनेसोटा, विस्कॉन्सिन और आयोवा में घूमता रहता हैं। इसके अलावा यह पश्चिमी और मध्य अमेरिका में भी कई जगहों पर काम करता है।
मीट और फाइबर प्रोडक्ट भी सप्लाई
अर्लो अमेरिकन सोलर ग्रेजिंग एसोसिएशन के बोर्ड में भी शामिल हैं। एसोसिएशन की वेबसाइट के अनुसार, खेती और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुभव होने के कारण उन्होंने कैनन रिवर वैली के पर्यावरण, मिट्टी की सेहत और पानी की क्वालिटी पर सकारात्मक असर डालने का मिशन शुरू किया। इसके साथ ही कंपनी ग्राहकों को बेहतरीन क्वालिटी का मीट और फाइबर प्रोडक्ट भी उपलब्ध कराती है।



