Spread the love

नई दिल्‍ली: देश में अचानक टॉफी सुर्खियों में आ गई है। ऐसा तब हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली यात्रा के दौरान अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफियां उपहार में दीं। इस यात्रा ने भारत के टॉफी सेक्टर पर एक बार फिर से लोगों का ध्यान खींचा है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को बताया कि पिछले 12 सालों में देश के टॉफी एक्‍सपोर्ट में 166 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

पीयूष गोयल ने बुधवार को बताया कि:

  • पिछले 12 सालों में भारत के टॉफी एक्‍सपोर्ट में 166% की बढ़ोतरी हुई है।
  • यह एक्‍सपोर्ट 2013-14 में 49.68 करोड़ रुपये था।
  • 2025-26 में बढ़कर 132 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

ये आंकड़े तब सामने आए जब सोशल मीडिया पर ‘मेलोडी’ टॉफियों को लेकर एक बार फिर से चर्चा शुरू हो गई। यह चर्चा तब शुरू हुई, जब इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें यह पॉपुलर टॉफी गिफ्ट में देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

पीयूष गोयल ने शेयर किया एक्सपोर्ट का आंकड़ा

गोयल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘भारत की ‘टॉफी गाथा’ (TOFFEE TALE) निश्चित रूप से कानों को मधुर लगेगी! 2013-14 के बाद से निर्यात में लगभग 166% की बढ़ोतरी हुई है।’

यह घटनाक्रम तब सामने आया, जब मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने इस गिफ्ट के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया।

मेलोनी ने वीडियो में कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए उपहार के तौर पर एक बहुत ही बढ़िया टॉफी लेकर आए थे- ‘मेलोडी’।’

इटली की यात्रा पर हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी मेलोनी के निमंत्रण पर इटली की यात्रा पर हैं। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना है।