इस्लामाबाद: अमेरिका और ईरान में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने अपने ईरानी समकक्ष से बातचीत की है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस बातचीत के बारे में जानकारी दी है। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और ईरान ने बीती रात एक दूसरे पर हमले किए हैं। इस दौरान पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने दोहराया कि इस क्षेत्र और उससे बाहर स्थायी शांति और स्थिरता का लक्ष्य हासिल करने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए पाकिस्तान प्रतिबद्ध है।
ईरानी विदेश मंत्री ने की पाकिस्तान की तारीफ
बयान में आगे कहा गया कि ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने शाति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान की भूमिका की तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने ईरानी मछुआरों की सुरक्षित औऱ सुचारू वापसी में मदद करने के लिए इस्लामाबाद का धन्यवाद किया। इसमें आगे कहा गया कि दोनों अधिकारी एक दूसरे के साथ लगातार संपर्क में रहने पर सहमत हुए।
अमेरिका और ईरान के बीच झड़प
अमेरिका और ईरान की बीच ताजा झड़प ऐसे नाजुक समय में हुई है, जब वॉशिंगटन और तेहरान पिछले हफ्ते हुए एक अंतरिम समझौते के तहत युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। इसकी शुरुआत गुरुवार को सिंगापुर के झंडे वाले तेल टैंकर एयर लवली पर हमले के साथ हुई।
हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को निकालने का ऑपरेशन रोक दिया। एजेंसी ने कहा कि जब तक उन्हें भरोसा नहीं मिल जाता कि जहाज सुरक्षित रूप से आ-जा सकत हैं, वे ऑपरेशन फिर से शुरू नहीं करेंगे।
अमेरिकी सेना ने ईरान पर किया हमला
इसके बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने यह हमले कमर्शियल जहाज पर ड्रोन हमले के जवाब में किए हैं। इसके बाद ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा कि उसने क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए हैं। इन ताजा झड़पों ने दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम के आगे बने रहने पर संदेह पैदा कर दिया है।



