Spread the love

‘बिग बॉस 20’ जब से शुरू हुआ है, शो के कंटेस्‍टेंट अपनी गलतियों के लिए सलमान खान से लगातार फटकार सुनते आ रहे हैं। अब हालिया एपिसोड में कुशल तंवर उर्फ गुल्लू ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद उन पर बॉडी शेमिंग के आरोप लगे हैं। एक टास्‍क के दौरान भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के साथ उनकी तीखी बहस हुई। इसी दौरान गुल्लू ने आम्रपाली और लव की जोड़ी की तुलना कार्टून किरदार ‘मोटू-पतलू’ से कर दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर शोर मचा। अब इस पर आम्रपाली की बड़ी बहन आंचल दुबे का तीखा बयान आया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर गुल्लू की टिप्पणी की आलोचना की और साथ ही माही विज पर भी सवाल उठाए हैं।

कंटेंट क्रिएटर और पॉडकास्ट होस्ट आंचल दुबे अपनी बहन के सपोर्ट में डटकर खड़ी हैं। गुल्लू ने जिस तरह ‘मोटू-पतलू’ वाली टिप्पणी की, उसके बाद लोगों ने भी उन्‍हें सोशल मीडिया पर बुरा-भला कहा। आम्रपाली की बहन आंचल इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहती हैं कि किसी के शारीरिक रूप-रंग का मजाक उड़ाना गलत है। उन्होंने माही विज की पिछली टिप्पणियों का भी जिक्र किया। साथ ही उम्‍मीद जताई कि शो के मेकर्स और सलमान खान इस मुद्दे को ‘वीकेंड का वार’ में उठाएंगे।

गुल्लू ने आम्रपाली और लव की जोड़ी को कहा ‘मोटू-पतलू’

बिग बॉस 20 में टास्क के दौरान गुल्लू और आम्रपाली दुबे के बीच बहस बढ़ गई। इसी दौरान गुल्लू ने आम्रपाली और लव की जोड़ी की तुलना ‘मोटू-पतलू’ कार्टून किरदारों से कर दी। इस टिप्पणी को लेकर अब बॉडी शेमिंग का मुद्दा उठ रहा है। आम्रपाली की बहन आंचल ने सवाल किया कि किसी से असहमति या बहस होने पर उसके शरीर को निशाना बनाना क्यों जरूरी हो जाता है।

माही विज की पिछली टिप्पणियों पर भी उठे सवाल

आंचल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में माही विज का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि माही विज पहले भी आम्रपाली के लुक और शरीर को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कर चुकी हैं। आंचल के मुताबिक, आम्रपाली के काम और टैलेंट पर बात करने के बजाय उनके शारीरिक रूप-रंग को निशाना बनाया जाना गलत है।

आंचल ने कहा- बॉडी शेमिंग कभी सही नहीं होती

अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आंचल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘माही विज और गुल्लू के लिए मेरी बहन को बॉडी शेम करना और बिना किसी सजा के बच निकलना इतना आसान क्यों है? बॉडी शेमिंग कभी भी सही नहीं होती। किसी व्यक्ति के शरीर का मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए, खासकर तब जब उनका काम खुद उनकी काबिलियत बताता हो।’ आंचल ने आगे कहा कि आम्रपाली ने अपने टैलेंट और परफॉर्मेंस के दम पर इंडस्ट्री में पहचान बनाई है। उन्होंने अपनी बहन का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें आम्रपाली पर गर्व है।

‘बॉडी शेमिंग कोई उपलब्धि नहीं है’

आंचल ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि आम्रपाली का शरीर या उनका साइज कैसा भी हो, उन्होंने हमेशा अपने काम और परफॉर्मेंस से लोगों का दिल जीता है। उन्होंने कहा, ‘बॉडी शेमिंग कोई उपलब्धि नहीं है। अगर मुकाबला करना है तो गरिमापूर्ण तरीके से करो।’ आंचल ने सवाल उठाया कि जब आम्रपाली के खिलाफ कहने के लिए कोई ठोस बात नहीं मिली, तो उनके शरीर पर टिप्पणियां क्यों की गईं। उन्होंने जोर दिया कि किसी कलाकार की पहचान उसके काम से होनी चाहिए, न कि उसके शारीरिक रूप-रंग पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों से।

आम्रपाली की टीम ने मेकर्स से पूछा सवाल

इस विवाद के बीच आम्रपाली की टीम ने भी शो के मेकर्स से सवाल किया कि क्या इस मुद्दे को ‘वीकेंड का वार’ में उठाया जाएगा। टीम ने अपनी पोस्ट में लिखा, वीकेंड के वार में छोटा भीम, इंदुमती और छुटकी के बारे में बात हुई थी (जब कि वो बॉडी शेमिंग थी भी नहीं) तो क्या अब मोटू पतलू पर भी बात होगी? (जो क्लियर कट बॉडी शेमिंग है और बार-बार हो रही है)।’

अब ‘वीकेंड का वार’ पर टिकी नजरें

गुल्लू की टिप्पणी और आंचल की प्रतिक्रिया के बाद अब यह देखना होगा कि शो के मेकर्स इस विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं। क्या ‘वीकेंड का वार’ में बॉडी शेमिंग के मुद्दे पर चर्चा होगी और क्या गुल्लू की टिप्पणी को लेकर कोई सवाल पूछा जाएगा, इस पर दर्शकों की नजरें टिकी हैं।