Spread the love

त‍िग्‍मांशु धूलिया जितने बेहतरीन एक्‍टर हैं, उतने ही दमदार डायरेक्‍टर भी। हमने उनकी ‘हासिल’, ‘चरस’ और ‘साहब बीवी और गैंगस्‍टर फ्रेंचाइजी’ जैसी फिल्‍मों में हिंदी पट्टी की जमीन से जुड़ कहानियां और सत्ता का गंदा खेल देखा है। अब बारी ‘घमासान’ की है, जो सीधे OTT पर रिलीज हो रही है। अरशद वारसी और प्रतीक गांधी स्‍टारर इस फिल्‍म का ट्रेलर बुधवार को रिलीज किया गया है। 1 मिनट और 53 सेकेंड में तिग्‍मांशु हमें एक खूंखार डाकू और उसे पकड़ने के लिए तैनात स्‍पेशल टास्‍क फोर्स की दुनिया में लेकर जाते हैं। यहां रोमांच है, अपराध है, हिंसा है और यह बताती है कि जब सत्ता का खेल गंदा होता है, तो हालात और भी पेचीदा हो जाते हैं।

जियो स्‍टूडियो और गोल्‍डन रेश‍ियो फिल्‍म्‍स के बैनर तले बनी ‘घमासान’ के ट्रेलर में सिर्फ वफादारी और अस्तित्व की लड़ाई ही ध्‍यान नहीं खींचती। इसके डायलॉग्‍स भी याद रह जाते हैं। खासकर महाराज डाकू बने अरशद वारसी का बड़ी तसल्‍ली से यह कहना- आदमी मौत से नहीं डरता, दर्द से डरता है।

खतरनाक डाकू महाराज और STF अध‍िकारी आदित्‍य

तिग्मांशु धूलिया के डायरेक्‍शन में बनी ‘घमासान’ हिंदी पट्टी की कहानी है। यहां बीहड़ में खतरनाक डाकू महाराज का वास है, जो कई साल से जंगल से बाहर नहीं निकला। लेकिन अपनी सत्ता और डर कायम करने का हुनर वह जानता है। प्रतीक गांधी इसमें STF अध‍िकारी आदित्‍य बने है, जिसे महाराज को पकड़ने का जिम्‍मा सौंपा गया है। लेकिन यह पुलिस बनाम अपराधी वाली आम कहानियों से अलग है। यह टक्कर एक बड़े संघर्ष में बदलती है, जिसमें राजनीति, वफादारी और सत्ता की सोच की लड़ाई है।

‘समझौता नहीं, क्‍योंकि बदला जायज है’

ट्रेलर में हमें महाराज डाकू कई बार यह कहता सुनाई देता है, ‘सझमौता नहीं, क्‍योंकि बदला जायज है।’ जाहिर तौर पर तिग्‍मांशु धूलिया यह साफ कर देते हैं कि यहां समझौता तो बिल्‍कुल नहीं होगा। उनकी यह फिल्‍म नैतिक रूप से उलझी हुई दुनिया की झलक है, जहां यह तय कर पाना मुश्‍क‍िल है कि हीरो कौन है और विलेन कौन। ये किरदार अपने अस्तित्व को बचाने, महत्वाकांक्षा और गठबंधनों से प्रेरित हैं।

‘घमासान’ OTT रिलीज डेट

‘घमासान’ को OTT प्‍लेटफॉर्म Zee5 पर 11 सितंबर 2026 को रिलीज किया जाएगा। यह फिल्‍म इससे पहले मुंबई फ‍िल्म फेस्टिवल (MAMI), सिनेवेस्ट्योर इंटरनेशनल फ‍िल्म फेस्टिवल और शिकागो साउथ एशियन फ‍िल्म फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है।

‘घमासान’ की कास्‍ट

‘घमासान’ को तिग्‍मांशु धूलिया ने डायरेक्‍ट किया है। जियो स्‍टूडियोज के लिए ज्योति देशपांडे, गोल्‍डन रेश‍ियो फिल्‍म्‍स के लिए पीयूष सिंह, अभयानंद सिंह, सौरभ गुप्ता और अश्विनी चौधरी, के साथ ही येलस्‍टर फिल्‍मस के लिए मितेन शाह ने इसे प्रोड्यूस किया है। फिल्‍म में अरशद वारसी और प्रतीक गांधी के साथ ही इश‍िता दत्ता और राजपाल यादव भी हैं।