रायपुर। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर दंतेवाड़ा के मेंडका डोबरा मैदान में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. बुधरी ताती सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में हितग्राहियों को सामग्री भी वितरित की गई।
राज्योत्सव का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप ने किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के निर्णय से एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। अलग राज्य बनने के बाद प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं खुलीं।
डॉ. बुधरी ताती और स्वच्छता दीदियों का सम्मान
राज्योत्सव में डॉ. बुधरी ताती को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को भी शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गईं। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।



