Spread the love

‘डॉन 3’ से रणवीर सिंह के अचानक बाहर निकलने को लेकर चल रहा विवाद अब थमता दिख रहा है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने एक्टर के खिलाफ अपना नॉन कोऑपरेशन नोटिस वापस ले लिया है। बुधवार को यह फैसला ऐसे वक्‍त में लिया गया है, जब रणवीर ने भी फेडरेशन के ख‍िलाफ लीगल नोटिस जारी करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। रणवीर के ख‍िलाफ FWICE का यह असहयोग निर्देश एक तरह का ‘बैन’ ही था, जिसको लेकर कई स्टार्स ने कड़ी आलोचना की, वहीं कुछ चुप्पी साधे हुए हैं। एक दिन पहले ही एक्ट्रेस और राजनेता कंगना रनौत भी रणवीर सिंह के सपोर्ट में उतरीं।

कंगना रनौत मंगलवार को अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विद्धता’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर मौजूद थीं। कार्यक्रम के दौरान, जब उनसे रणवीर सिंह के बैन पर सवाल किया गया, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘आप मुझसे पूछ रहे हैं, मुझे हर किसी ने बैन कर दिया है! तो मैं ये कहना चाहूंगी कि जब हैसियत बढ़ती है तो दुश्मन भी बढ़ते हैं। तो अब ऐसा नहीं हो सकता कि आपकी हकीकत बढ़े और दुश्मन ना बढ़े। तो आज रणवीर सिंह को सोचना चाहिए उनकी क्या किस्मत की उनके इतने दुश्मन हैं! तो अच्छा है…जिंदगी में जब आप आगे बढ़ते हैं तो कई तरह की रुकावटें आती हैं। तो मेरे साथ तो इतना हुआ है तो देखो, आज मैं अच्छा कर रही हूं, नहीं फर्क पड़ता है, अंत में सब ठीक हो जाएगा।’

विवाद पर बोलीं पद्मिनी कोल्हापुरे

मौजूदा विवाद के बीच, पद्मिनी कोल्हापुरे ने IANS को बताया था, ‘CINTAA को रणवीर सिंह को अपने सदस्य के रूप में पाकर गर्व है। जब भी उन्हें हमारी जरूरत होगी, हम उनके साथ खड़े रहेंगे। यह बात सार्वजनिक हो चुकी है, इसलिए मैं इस पर और टिप्पणी नहीं करना चाहती। हम उनके साथ हैं, उनके लिए मौजूद हैं। अगर उन्हें कभी हमारी जरूरत पड़े, तो हम रणवीर सिंह के लिए हमेशा तत्पर हैं।’

निखिल द्विवेदी ने रणवीर का दिया साथ

निखिल द्विवेदी ने भी रणवीर के लिए सपोर्ट दिखाया था। एंटरटेनमेंट लाइव से बात करते हुए द्विवेदी ने कहा कि विवादों को सुलझाने और दोनों पक्षों को आपसी सहमति तक पहुंचाने में इंडस्ट्री के संगठन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हालांकि, अगर मध्यस्थता कारगर नहीं होती है, तो मामले को किसी को काम करने से रोकने के बजाय कानूनी चैनलों के जरिए निपटाया जाना चाहिए।

निखिल द्विवेदी ने असहमति को कहा ‘आम बात’

‘दबंग 3’, ‘वीरे दी वेडिंग’, ‘सीटीआरएल’ जैसी फिल्मों के निर्माता और ‘अनकही कहानियां’, ‘हेट स्टोरी’ और ‘शोर इन द सिटी’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके निखिल द्विवेदी ने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में असहमति होना आम बात है, जहां सैकड़ों लोग एक प्रोजेक्ट पर साथ काम करते हैं।

रणवीर के सपोर्ट में राम गोपाल वर्मा

राम गोपाल वर्मा ने तो कड़ा रुख लिया और काफी कुछ कह डाला। उन्होंने एक्टर के सपोर्ट में कहा, ‘रणवीर सिंह पर नहीं, एफडब्ल्यूआईसीई पर बैन लगाओ। गांधीजी के अंदाज में लगाया गया यह तथाकथित बैन या असहयोग अंत में एफडब्ल्यूआईसीई के लिए ही एक बड़ा मज़ाक बनकर रह जाएगा। एफडब्ल्यूआईसीई इसे इंडस्ट्री या कर्मचारियों की रक्षा की तरह पेश कर रही है, जबकि असल में मामला ऐसा नहीं है।’