Spread the love

नई दिल्ली: देश में कई सारी संस्थाएं और बैंक लोगों को होम लोन की सुविधा देते हैं। इनमें सरकारी और प्राइवेट दोनों ही शामिल हैं। वहीं, आज के समय में प्रॉपर्टी की बढ़ती कीमतें हर किसी के लिए अपने घर बनाने या खरीदने के सपने को पूरा करने में काफी चुनौती दे रही हैं। इस बीच लोग होम लोन का रुख करते हैं। यहां हम बात प्राइवेट बैंक के द्वारा मिलने वाले होम लोन की कर रहे हैं, जो सस्ती ब्याज दर पर किफायती हो सकते हैं। हम सात ऐसे बैंकों के बारे में बता रहे हैं जो अपने पात्र ग्राहकों को होम लोन प्रदान कर रहे हैं। आइए अब इनके बारे में जानते हैं…

कोटक, एक्सिस और आईडीएफसी बैंक

सबसे पहले हम कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और आईडीएफसी बैंक के द्वारा दिए जा रहे होम लोन की करते हैं। कोटक बैंक पात्र ग्राहकों को 7.60 फीसदी की ब्याज दर से होम लोन की सुविधा देता है। इसके अलावा एक्सिस बैंक ग्राहकों को 8 फीसदी से लेकर के 9 फीसदी तक की ब्याज दर से होम लोन देता है। वहीं, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की बात करें तो यह अपने पात्र ग्राहकों को 7.75 फीसदी की सालाना ब्याज दर से होम लोन प्रदान करता है।

जे एंड के, फेडरल और आईडीबीआई बैंक

जे एंड के बैंक (जम्मू और कश्मीर बैंक) होम लोन के लिए तलाश कर रहे लोगों को इसकी सुविधा देता है। यह बैंक ग्राहकों को 7.50 फीसदी से लेकर के 8.20 फीसदी की ब्याज दर से होम लोन देता है। फेडरल बैंक की बात करें तो यह 7.35 प्रतिशत से लेकर के 9.25 प्रतिशत तक की सालाना ब्याज दर से होम लोन प्रदान करता है। वहीं, आईडीबीआई बैंक पात्र ग्राहकों को 7.40 प्रतिशत से लेकर के 10 फीसदी तक की ब्याज दर पर होम लोन देता है।

एचडीएफसी बैंक होम लोन सुविधा

देश के शीर्ष बैंकों में से एचडीएफसी बैंक एक है। यह एक प्राइवेट बैंक है। बैंक अपने ग्राहकों को कई सारी सुविधाएं प्रदान करता है, जिनमें से एक सुविधा होम लोन की भी है। हालांकि, इसकी ब्याज दर अन्य प्राइवेट बैंकों की तुलना में थोड़ी अधिक है। यह बैंक अपने पात्र ग्राहकों को 7.75 फीसदी की ब्याज दर से होम लोन देने की शुरुआत करता है, जो 13.20 फीसदी की ब्याज दर तक होता है।

लोन के लिए जरूरी दस्तावेज

अब बात होम लोन के लिए जरूरी दस्तावेजों की करते हैं। होम लोन लेने के लिए विभिन्न बैंकों के अपने-अपने नियमानुसार दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है। यहां हम कुछ ऐसे दस्तावेजों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी जरूरत लगभग सभी बैंकों में होम लोन लेने के दौरान पड़ सकती है। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, बिजली बिल, सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट, पासपोर्ट, आईटीआर और संपत्ति के कागजात समेत अन्य शामिल हैं।