Spread the love

भोपाल में शाहपुरा की वाइसरॉय कॉलोनी में करीब 20 युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने चार युवकों को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार रात सामने आया।

पुलिस के मुताबिक, विशाखा पति संजीव श्रीवास्तव (50) वाइसरॉय कॉलोनी में रहती हैं। सेज यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। उनका बेटा शेखर और उसके दोस्त आकाश, विशाल और नवल रात करीब दो बजे अरेरा हिल्स गए थे। यहां उनकी कार MP04 YH 9186 की टक्कर MP04 CM 0568 नंबर की कार से हो गई। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ।

स्थिति बिगड़ने पर शेखर और उसके दोस्तों ने डायल 112 को बुला लिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। डायल 112 के स्टाफ ने शेखर और उसके दोस्तों को घर छोड़ दिया।

पीछे-पीछे घर तक पहुंचे बदमाश जिन युवकों से शेखर और उसके दोस्तों का झगड़ा हुआ था, वे पीछे-पीछे घर तक पहुंच गए। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे पहले उन्होंने घर के बाहर आकर धमकी दी कि शेखर और उसके साथी घर से निकलें। बाहर आते ही युवकों ने उन पर हमला कर दिया।

करीब 20 युवकों ने हथियार और डंडों से चारों दोस्तों को बेरहमी से पीटा। फिर धमकी देकर भाग निकले। सूचना मिलने पर शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और उनको घायल हालत में अस्पताल भिजवाया।

आरोपी ने खुद को आईजी का बेटा बताया था शाहपुरा थाना एसआई हरीश गुर्जर ने कहा- फरियादी पक्ष ने बताया है कि आरोपी ने खुद को आईजी का लड़का बताया था लेकिन आईजी के नाम की पुष्टि नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की कार का नंबर सामने आया है। कार ई-4 में रहने वाली सपना चतुर्वेदी के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शेखर और दोस्तों ने बिल्डर के बेटे से की थी मारपीट पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट से पहले शेखर और उसके दोस्तों ने अरेरा हिल्स पर पीतल मंदिर के पास अर्जुन चतुर्वेदी के साथ जमकर मारपीट की थी। अर्जुन के पिता विकास चतुर्वेदी बिल्डर हैं। उन्होंने अरेरा हिल्स थाने में वाहन नंबर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज कराई है।

जिस वाहन नंबर पर एफआईआर दर्ज हुई है, उसी गाड़ी में घटना की रात शाहपुरा मामले के फरियादी शेखर और उसके साथी सवार थे।

आशंका है कि शेखर और उसके साथियों से बदला लेने के लिए देर रात दूसरे गुट ने उसके घर जाकर हंगामा किया था। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद अरेरा हिल्स और शाहपुरा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

3 दिन में चौथी वारदात 1. गांधीनगर: गाड़ियों में तोड़फोड़, 5 गिरफ्तार भोपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र में जेल रोड स्थित राजा भोज परिसर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना रात 2 बजे की है। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आसाराम तिराहे पर कार से बाइक टकराने के बाद वे कार की तलाश में परिसर पहुंचे और अन्य गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी।

2. मिसरोद: कैफे में 20 छात्रों का हमला मिसरोद के मैजिक स्पॉट कैफे में मंगलवार रात सेज कॉलेज के करीब 20 छात्र तलवार और डंडे लेकर पहुंचे और तोड़फोड़ की। 16 नवंबर को इन छात्रों की लड़ाई योगेंद्र से हुई थी। उन्हें जानकारी थी कि योगेंद्र अक्सर कैफे में बैठता है। उसकी तलाश में आरोपी कैफे आए, लेकिन योगेंद्र नहीं मिला तो छात्रों ने कैफे में जमकर तोड़फोड़ की।

3. जाटखेड़ी: कवर्ड कॉलोनी में कार फोड़ी जाटखेड़ी स्थित लोटस रुचि लाइफ स्केप के कवर्ड कैंपस में करीब एक महीने पहले कार में तोड़फोड़ की गई थी। लोहे की रॉड से कार के पीछे और साइड के कांच तोड़े गए। अंदर डैशबोर्ड को भी नुकसान पहुंचाया गया। शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार इस परिसर में हुई यह घटना गंभीर मानी गई। पुलिस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी।