आगरा। केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी गुरुवार को आगरा पहुंच। नुनिहाई स्थित होटल मधुश्री में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विदेश में भारत का डंका बजा है। उनके नेतृत्व में देश में भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है।

नुनिहाई स्थित होटल मधुश्री पैलेस में गुरुवार को भाजपा द्वारा प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो लोगों से हामी भी भरवाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है और लाभार्थियों के खाते में सीधे योजनाओं की धनराशि पहुंचाई है। किसानों से लेकर मजदूर हर वर्ग को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

70 वर्ष में जो नहीं हुआ वो नौ साल में हो गया

मीनाक्षी लेखी ने पिछली सरकारों पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष में जो कार्य नहीं हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने नौ वर्ष में कर दिखाए हैं। महिला सशक्तिकरण हो रहा है तो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। देश ही नहीं विदेशों तक राष्ट्र का मान हो रहा है।

केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि कोविड संक्रमण काल में विपक्ष ने जनता को गुमराह किया, वैक्सीनेशन पर सवाल खड़ा किया। विपक्ष के पास मुद्दे नहीं है। इसलिए वह अब इस तरह की हरकत कर रहा है। जनता सब जानती है और सही समय पर सही निर्णय लेगी।

कानून व्यवस्था के तहत देश में होते फैसले

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कार्यक्रम के बाद मीडिया वार्ता के दौरान कहा कि विपक्ष गुमराह कर रहा है, लेकिन जनता अपना अच्छा बुरा जानती है। महिला पहलवानों के उत्पीड़न पर उनका कहना था कि कानून व्यवस्था के तहत हमारे देश में फैसले होते हैं। उसमें सही-गलत का निर्णय हो जाएगा।

सम्मेलन में चिकित्सक, शिक्षक, अधिवक्ता, व्यापारी आदि मौजूद थे। विधायक डा. जीएस धर्मेश, विधायक डा. धर्मपाल सिंह, एमएलसी विजय शिवहरे, एमएलसी डा. मानवेंद्र सिंह, हेमंत राजपूत, बबीता चौहान, यादवेंद्र शर्मा, मनोज गर्ग आदि मौजूद थे।