नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ गाले में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में मैदान पर उतरते ही भारत के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। यह उनके टेस्ट करियर का 30वां मुकाबला था और दिलचस्प बात यह है कि उनके ये सभी 30 टेस्ट मैच अलग-अलग स्टेडियम/वेन्यू पर खेले गए हैं। इसके साथ ही जायसवाल पूर्व भारतीय दिग्गज संजय मांजरेकर (लगातार 33 टेस्ट) और सचिन तेंदुलकर (लगातार 32 टेस्ट) के बाद लगातार इतने अलग-अलग मैदानों पर करियर के शुरुआती टेस्ट खेलने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
32 रन बनाकर रन आउट हुए जायसवाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने अच्छी शुरुआत दी। हालांकि, 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेने के प्रयास में फील्डर केशाना नुवंथा से टकराकर जायसवाल फिसल गए। दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर पहुँच गए और जायसवाल 32 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। टेस्ट क्रिकेट में जायसवाल के करियर का यह तीसरा रन आउट था। इसके बाद केएल राहुल (82) और देवदत्त पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 162 रनों की शानदार साझेदारी हुई।
देवदत्त पडिक्कल का स्वतंत्रता दिवस पर यादगार शतक
पारी के असली हीरो देवदत्त पडिक्कल रहे, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ते हुए 167 रनों की मैराथन पारी खेली। उन्होंने लाहिरू कुमारा के ओवर में लगातार दो चौके लगाकर महज 134 गेंदों में अपना स्वतंत्रता दिवस शतक पूरा किया। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सितंबर 2024 के बाद शतक जड़ने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीय टीम ने मैच की पहली पारी में ही श्रीलंका पर अपना दबदबा बना लिया है। टीम इंडिया ने पहली पारी में 462 रन बनाए हैं। श्रीलंकाई टीम इस मैच में काफी पीछे नजर आ रहा है।



